लखनऊ। राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें संपत्ति हड़पने के लिए एक बेटे ने अपने मृत पिता के शव से कोरे कागज पर अंगूठे की छाप लगवा ली। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक न तो किसी ने पुलिस में कोई शिकायत दी है और न ही कोई कार्रवाई हुई है।

क्या है पूरा मामला?

खड़ौहा निवासी 75 वर्षीय छत्रपाल का अपने बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी से लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि साल 2023 में बेटे और बहू ने बुजुर्ग दंपती के साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें पैतृक घर से ही निकाल दिया था। इसके बाद छत्रपाल और उनकी पत्नी शिवदेवी अपनी बेटियों और रिश्तेदारों के घर रह रहे थे। बताया जाता है कि बुजुर्ग ने अपनी करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से तीनों बेटियों को एक-एक बीघा जमीन दे दी थी, जबकि बेटे और बहू से नाराज होकर उन्हें संपत्ति से बेदखल करने के लिए सार्वजनिक सूचना भी जारी करवाई थी।

बेटी ने लगाए गंभीर आरोप

बेटी सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसकी सूचना भाई महेंद्र को दी गई। आरोप है कि इसके बाद महेंद्र और उसकी पत्नी अपने कुछ परिजनों के साथ लखनऊ पहुंचे और हंगामा करने के बाद पिता को इलाज कराने की बात कहकर अपने साथ ले गए। इसके ठीक दो दिन बाद 9 जुलाई को छत्रपाल की मौत हो गई। सुमन के पति रमेश का आरोप है कि अंतिम संस्कार के दौरान भी बेटियों के साथ जमकर गाली-गलौज की गई, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। अब मृत पिता के अंगूठे से कोरे कागज पर छाप लगवाने का वीडियो वायरल होने के बाद पूरा मामला चर्चा में आ गया है।

पहले वकालत रोकी, फिर राहत और अब फाइल बंद! NALSAR मामले में BCI का बड़ा फैसला

शेयर करना
Exit mobile version