लखनऊ/बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं में स्कॉर्पियो कार से टक्कर के बाद गाय की मौत से गुस्साए लोगों द्वारा सरकारी डॉक्टर की बेरहमी से पिटाई किए जाने के मामले ने पूरे प्रदेश की सियासत गरमा दी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से आरोपियों की एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से पहचान कराकर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बदायूं में डॉक्टर के साथ हुए दुर्व्यवहार और अमानवीय तरीके से की गई मारपीट से केवल यूपी ही नहीं, पूरे देश के डॉक्टर आक्रोशित हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री-स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि इस मामले में संलिप्त सभी लोगों की एआई से पहचान करवाकर तुरंत प्राणघातक हमले का मुकदमा दर्ज किया जाए।
सपा प्रमुख ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और डॉक्टर समुदाय आंदोलन पर उतर गया, तो बीमारियों के इस मौसम में पहले से कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी, जिसका सबसे ज्यादा नुकसान आम मरीजों को उठाना पड़ेगा।
क्या है पूरा मामला?
11 अगस्त को बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ की कार से एक गाय की टक्कर हो गई थी, जिसमें गाय की मौत हो गई। इसी बात से नाराज गांव के लोगों ने डॉक्टर के साथ जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद हर तरफ इसकी निंदा होने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ से डॉक्टर को छुड़ाकर उनकी जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



