उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ अवध ग्रीन अपार्टमेंट में रहने वाले 27 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में फ्लैट से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक शिवा पिछले चार महीनों से अपनी गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के साथ इसी फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
बता दें, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक शिवा शर्मा के परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए श्रद्धा दुबे और उसकी बहन पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शिवा की मौत के पीछे गहरी साजिश है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पार्टनर श्रद्धा दुबे एक जानी-मानी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर 1 लाख 41 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसके साथ ही श्रद्धा ने कुछ म्यूजिक एल्बम और गानों में भी अभिनय किया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह जांच की जा रही है कि यह आत्महत्या, हादसा है या फिर हत्या।



