लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आए दिन पारिवारिक रिश्तों की डोर टूटने और आपसी रंजिश में हो रही हत्याओं के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कहीं जमीन के लालच में बेटा पिता की मौत के बाद भी उसके शव का इस्तेमाल करने से नहीं हिचक रहा, तो कहीं पत्नी और बेटी मिलकर घर के मुखिया को ही मौत के घाट उतार रही हैं। प्रेम-प्रसंग, दहेज, घरेलू कलह और संपत्ति विवाद जैसी वजहों से ये वारदातें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामने आ रही हैं।
जमीन के लालच में बेटे ने पिता के शव पर ही लगवाया अंगूठा
लखनऊ के रहीमाबाद इलाके के खड़ौहा गांव का मामला इंसानियत को शर्मसार करने वाला है। यहां महेंद्र नाम के बेटे ने तीन साल पहले अपने 75 वर्षीय माता-पिता को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद दोनों बेघर होकर बड़ी बेटी के घर में रह रहे थे। पिता की मौत के बाद बेटे को चिता की नहीं, बल्कि जमीन की चिंता सवार हुई। आरोप है कि उसने चचेरे भाई के साथ मिलकर शव का ही अंगूठा लगवाया, ताकि जमीन के कागजातों में फर्जी तरीके से अपना हक दिखाया जा सके। ग्रामीणों ने इस शर्मनाक करतूत को कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
तकरोही में पत्नी ने ससुराल वालों के साथ मिलकर की पति की हत्या
लखनऊ के तकरोही इलाके में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि इस साजिश में पत्नी नेहा, उसके सास-ससुर और पत्नी के भाई शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ में उन्होंने सामूहिक रूप से हत्या करने की बात कबूल कर ली है।
इटावा में दहेज केस से परेशान युवती ने दी जान
इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के केशवपुर बनी गांव में दहेज हत्या के मुकदमे से परेशान एक युवती ने आत्महत्या कर ली। शव के पास पेंसिल से लिखा एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपने माता-पिता और भाई के लिए भावुक संदेश लिखा—’पापा-मम्मी, भाई रोना नहीं, खुद को संभालना।’ युवती ने मुकदमे से जुड़े लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों के कोर्ट जाने के बाद उसने यह कदम उठाया था।
महराजगंज में प्रेम प्रसंग में दो हत्याएं
महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक हजारीलाल की हत्या कर दी गई। वह अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था, जहां उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। इसी थाना क्षेत्र में एक और मामला सामने आया, जिसमें प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज शादीशुदा प्रेमी उससे मिलने गया, लेकिन परिजनों ने कुदाल और गड़ासे से हमला कर उसका गला रेत दिया। इलाज के दौरान सिद्धार्थनगर जिला अस्पताल में युवक की मौत हो गई और हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।
बुलंदशहर में प्रेमी ने प्रेमिका की निर्मम हत्या की
बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के गांव नेहरूपुर में प्रेमी ने प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपी को फांसी देने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सीओ खुर्जा के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोला और अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर में करंट लगाकर पत्नी की हत्या, कब्र से निकाला शव
कानपुर के बेकनगंज इलाके में 2024 में निशा की मौत को पहले करंट लगने से हुआ हादसा बताया गया था और परिजनों ने शव को दफना दिया था। बाद में पति पर हत्या का आरोप लगा, जिसके बाद पुलिस ने कब्र खोदकर शव बाहर निकलवाया। एक्सह्यूमेशन के बाद कराए गए पोस्टमार्टम से अहम तथ्य सामने आए और साक्ष्यों के आधार पर पति की संलिप्तता पाई गई। आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गोंडा में बेटी की हत्या के दोषी माता-पिता को उम्रकैद
गोंडा में अदालत ने अपनी ही सगी बेटी श्वेता की हत्या के मामले में पिता राजेश और सौतेली मां किरन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। 11 जून 2024 को धानेपुर थाना क्षेत्र के तुलसीरामपुरवा में हुई इस वारदात का मुकदमा मृतका के नाना ने दर्ज कराया था।
रायबरेली में पत्नी-बेटी ने किया घर के मुखिया का कत्ल
रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के बराइन गांव में 17 जुलाई से लापता छोटेलाल का कंकाल बरामद हुआ है। जांच में सामने आया कि पत्नी और बेटी ने मिलकर उसकी हत्या कर शव को घर से महज 50 मीटर दूर गड्ढे में दफना दिया था। दोनों की निशानदेही पर कंकाल बरामद किया गया और पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
नोएडा में पिता की हत्या कर किशोर ने मेट्रो के आगे कूचकर दी जान
नोएडा के गढ़ी चौखंडी गांव में एक किशोर ने कुल्हाड़ी से अपने पिता की हत्या कर दी और फिर खुद सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मां के पिता से अलग होने की वजह से किशोर अवसाद में था और उसने पिता की बंदिशों से तंग आकर यह कदम उठाया।
कन्नौज में प्रेमी संग पति की हत्या करने वाली पत्नी को उम्रकैद
कन्नौज के तिर्वा क्षेत्र के धरमंगदपुर में संध्या नाम की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। एडीजे सेकेंड की अदालत ने पत्नी और प्रेमी दोनों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
बरेली में पत्नी ने प्रेमी संग पति को तेजाब पिलाकर मारा
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के चक महमूद में पत्नी गौसिया और उसके प्रेमी सलीम ने मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था, जिसके बाद दोनों ने उसे तेजाब पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। तड़पते हुए पति ने मरने से पहले ही दोनों की हरकत बता दी थी।
कानपुर देहात में छेड़छाड़ का विरोध करने वाले नेत्रहीन पिता की मौत
कानपुर देहात के अमराहट थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में 13 वर्षीय किशोरी से दबंगों द्वारा छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता के परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें उसके नेत्रहीन पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर दिया और पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुर में सरकारी टीचर ने पत्नी को काट डाला
फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर में सरकारी शिक्षक दिलीप यादव ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी शालिनी की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। दोनों ने नौ साल पहले लव मैरिज की थी। पुलिस हत्या के असली कारणों की जांच में जुटी है।
मुजफ्फरनगर में प्रेमिका के पति पर गंडासे से 17 वार
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में प्रेमिका के पति हाशिम पर तालिब नाम के आरोपी ने गंडासे से 17 बार हमला किया, जिससे उसकी सिर की हड्डी टूट गई और आंखें बाहर निकल गईं। इलाज के दौरान हाशिम की मौत हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश कर रही है।



