शाहजहांपुर: खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में गुरुवार सुबह प्राचीन मंदिर परिसर में दो सेवादारों की हत्या से हड़कंप मच गया। हत्या के बाद दोनों के शवों को जलाने की भी बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने देखा मामला
मृतकों की पहचान मंदिर के वृद्ध सेवादार गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह ग्रामीण रोज की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसपी
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंदिर की जमीन को लेकर विवाद की आशंका
एसपी सौरभ दीक्षित के मुताबिक, शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद सामने आ रहा है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।
पुलिस को गांव के ही तीन स्थानीय लोगों पर गंभीर शक है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



