वाराणसी: उत्तर प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक शहर वाराणसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के व्यस्त महमूरगंज इलाके में स्थित प्रसिद्ध ‘लीलाराम डोसा’ कॉर्नर पर दो युवतियों द्वारा किए गए हंगामे, तोड़फोड़ और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने एक तरफ जहां स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों को झकझोर कर रख दिया है, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था और कानून के खौफ को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती विवरण के अनुसार, काले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर दो युवतियां महमूरगंज स्थित इस लोकप्रिय डोसा स्टॉल पर पहुँची थीं। हैरानी की बात यह है कि शुरुआत में उन्होंने स्कूटी से उतरकर सड़क पर ही मोबाइल से ब्लॉगिंग शुरू की और फिर अचानक आक्रामक तेवर दिखाते हुए सीधे दुकान के भीतर घुस गईं। दुकान मालिक बाल मुकुंद के अनुसार, युवतियों ने आते ही रंगदारी की मांग शुरू कर दी और पैसे देने से इनकार करने पर आगबबूला हो गईं। देखते ही देखते उन्होंने दुकान के अंदर रखा सारा सामान उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया।

जब दुकान के कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों ने इस मनमानी का विरोध किया, तो युवतियों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। इस पूरी अफरा-तफरी के बीच वहां खड़े एक मासूम ग्राहक के बच्चे को भी चोट लग गई। दुकान के गल्ले में हाथ डालकर नकदी निकालने की कोशिश करने के साथ-साथ जाते-जाते उन्होंने दुकानदार को जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, युवतियों ने जाते वक्त अपना संबंध सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा निवासी कुछ लोगों से होने का हवाला भी दिया।

हालांकि, वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज के ऑडियो में इस विवाद का एक दूसरा पहलू भी सामने आया है। वीडियो में तोड़फोड़ शुरू करने से ठीक पहले एक युवती यह कहते हुए सुनाई देती है कि उनके पिता के साथ मारपीट की गई थी और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि मामला किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से भी जुड़ा हो सकता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित दुकानदार ने भेलूपुर थाने में लिखित तहरीर के साथ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया है। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने जानकारी दी कि दुकानदार की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवतियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से युवतियों की शिनाख्त करने में जुटी है ताकि पूरे घटनाक्रम की असल सच्चाई सामने आ सके।

Kushinagar:मुस्लिम महिला भी रखती है छठ व्रत, बेटे के लिए दो साल से व्रत रख रही हैं जैतुन्निसा

शेयर करना
Exit mobile version