डेस्क : ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अदाणी ग्रुप ने एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी ‘अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ (ANIL) की इकाई अदाणी विंड ने गुजरात के मुद्रा में अपनी इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में देश के सबसे लंबे 91.2 मीटर के ऑनशोर विंड टर्बाइन ब्लेड का उत्पादन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी के 5 मेगावाट (MW) क्षमता वाले विंड टर्बाइन प्लेटफॉर्म को सीरियल प्रोडक्शन (व्यापक स्तर पर उत्पादन) के लिए जर्मनी की प्रतिष्ठित स्वतंत्र प्रमाणन एजेंसी ‘विंडगार्ड सर्टिफिकेशन जीएमबीएच’ (WindGuard Certification GmbH) से औपचारिक प्रमाण पत्र भी मिल गया है।

कंपनी द्वारा विकसित यह 91.2 मीटर लंबा ब्लेड भारत में निर्मित अब तक का सबसे लंबा विंड टर्बाइन ब्लेड है। इसे विशेष रूप से अदाणी विंड के अत्याधुनिक ‘MWL185-5.0 MW’ टर्बाइन के लिए डिजाइन किया गया है, जिसके रोटर का व्यास 185 मीटर और हब की ऊंचाई 140 मीटर है। इस विशालकाय रोटर का दायरा लगभग 26,600 वर्ग मीटर यानी साढ़े तीन से अधिक मानक फुटबॉल पिचों के बराबर है। इस नई तकनीक से कम हवा की गति वाले क्षेत्रों में भी लगातार और बेहतर ऊर्जा उत्पादन संभव हो सकेगा, जिससे ओवरऑल कैपेसिटी यूटिलाइजेशन फैक्टर (CUF) में जबरदस्त सुधार होगा।

अदाणी विंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिलिंद कुलकर्णी ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश में सबसे लंबे ब्लेड का उत्पादन और 5 MW प्लेटफॉर्म का सर्टिफाइ होना भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर के लिए एक बहुत बड़ा कदम है। बड़े ब्लेड और अधिक क्षमता वाले टर्बाइन कम हवा वाले इलाकों में भी अधिक ऊर्जा कैप्चर करने में मदद करते हैं। गौरतलब है कि अदाणी विंड दुनिया की प्रतिष्ठित एजेंसी ब्लूमबर्ग एनईएफ (BloombergNEF) की ग्लोबल टॉप-15 टर्बाइन निर्माताओं की सूची में शामिल इकलौती भारतीय कंपनी है, जो देश को क्लीन एनर्जी के मामले में वैश्विक पटल पर मजबूती दे रही है।

शेयर करना
Exit mobile version