आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी का सफाया होने जा रहा है और दलित समाज अब बीजेपी को सत्ता से हटाने जा रहा है। अखिलेश यादव ने PDA की परिभाषा को लेकर भी बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि PDA में D का मतलब दमदार दलित है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग PDA की परिभाषा बदल रहे हैं। उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो अंगद का पैर होने की बात कहते थे। अखिलेश ने कहा, “इस दलित सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसकेगी।”
सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि दलित समाज अब बीजेपी का सफाया करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के फूल को रामजीलाल सुमन हराएंगे। अखिलेश यादव ने सरकारी शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों के साथ सरकारी नौकरियां भी खत्म हुई हैं।
अखिलेश यादव ने बाबा साहब के संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग संविधान को खत्म करने में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज पर सबसे ज्यादा उत्पीड़न हुआ है। विश्वविद्यालयों में पिछड़े और दलित वर्ग के प्रोफेसरों की मौजूदगी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।



