डेस्क: झारखंड में रविवार को राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राज्यवासियों को बधाई दी और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन झारखंड के लिए गर्व, स्वाभिमान और संकल्प का अवसर है। यह उन वीर पूर्वजों और शहीदों के संघर्ष, बलिदान और शहादत की याद दिलाता है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन, अधिकार और पहचान की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।

झारखंड के वीर नायकों को किया याद

हेमंत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा, बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, फूलो-झानो, नीलांबर-पीतांबर और शेख भिखारी जैसे वीर नायकों को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों का संघर्ष ही झारखंड की पहचान, विरासत और प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने अलग झारखंड राज्य के गठन में बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो और विनोद बिहारी महतो के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि अलग राज्य का सपना कई क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान से पूरा हुआ। उनके संघर्ष ने हमें अपनी पहचान, अधिकार और स्वाभिमान के लिए लड़ना सिखाया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके सपनों का झारखंड बनाया जाएगा। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं, किसानों और मजदूरों के अधिकारों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने युवाओं को झारखंड की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देकर उनकी प्रतिभा को राज्य की समृद्धि में बदलना सरकार का लक्ष्य है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दी शुभकामनाएं

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और सिदो-कान्हू जैसे महान नायकों की धरती झारखंड की अपनी अलग पहचान है। यहां की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराएं और प्राकृतिक एवं खनिज संपदा राज्य की विशेष पहचान हैं।

राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि झारखंड के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग अपनी विरासत को संजोते हुए राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

संसद परिसर में बिरसा मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित संसद परिसर में भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुतियां भी हुईं।

बता दें कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर हुआ था। इसी दिन 1875 में आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था। उन्होंने 19वीं सदी में अंग्रेजी शासन के खिलाफ आदिवासी समाज के अधिकारों और पहचान के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया था।

छठ महापर्व पर भोजपुरी सिंगर Arvind Akela Kallu का संदेश,"इनके बिना प्रदेश सूना है"

शेयर करना
Exit mobile version