मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों से एक बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां राज्य के नियुक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुरादाबाद से सामने आए इस मामले में एक ऐसी पोस्टिंग की गई है जिसके तहत सीनियर बैच की एक महिला आईएएस अधिकारी को अपने से जूनियर बैच के आईएएस अधिकारी के अधीन रिपोर्ट करने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस प्रशासनिक उलटफेर के बाद से नौकरशाही के भीतर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद में नगर आयुक्त के पद पर तैनात हिमांशु कौशिक वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वहीं, हाल ही में मुरादाबाद की नई अपर नगर आयुक्त के रूप में तैनात की गईं आईएएस मंजुलता 2016 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। प्रशासनिक नियमों और परंपरा के मुताबिक, कोई भी जूनियर अधिकारी अपने से सीनियर बैच के अधिकारी का बॉस नहीं हो सकता और न ही सीनियर अफसर अपने से जूनियर को रिपोर्ट करते हैं। लेकिन इस नई नियुक्ति आदेश के बाद 2016 बैच की सीनियर आईएएस मंजुलता को 2018 बैच के जूनियर नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक के अधीन काम करना होगा और उन्हें रिपोर्ट करना पड़ेगा।

इस प्रकार की अजीबो-गरीब पोस्टिंग को लेकर प्रशासनिक जानकारों और गलियारों में यह सवाल उठने लगा है कि आखिर नियुक्ति विभाग ने फाइलें आगे बढ़ाते समय इस वरिष्ठता क्रम (Seniority List) को कैसे नजरंदाज कर दिया। हालांकि, यह कोई पहला मौका नहीं है जब यूपी में इस तरह की प्रशासनिक चूक या समन्वय की कमी देखने को मिली हो, लेकिन एक ही जिले में सीनियर और जूनियर के इस समीकरण ने शासन की कार्यशैली पर जरूर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

दो MLA वाली Congress की 181 सीटों पर नजर! Akhilesh के सामने सीट शेयरिंग की चुनौती

शेयर करना
Exit mobile version