बलिया में छठ पर्व की खुशियां चार परिवारों के लिए मातम में बदल गईं। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई। दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य की मऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की मौके पर मौत

जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ। चारों युवक गौवापार के करूमपुरा से कार से नगरा आए थे। घर लौटते समय निछुवाडीह के पास दैत्यराज बाबा स्थल के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब दो बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान, गांव में पसरा सन्नाटा

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान कुनाल (22), धनंजय पटेल (23), अभिषेक पटेल (24) और गोलू ठाकुर के रूप में हुई है। चार युवकों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

थानाध्यक्ष ने दी हादसे की जानकारी

नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि दो युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में मृत घोषित किया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो युवकों की मौत मऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।

Akhilesh Yadav का शक्ति प्रदर्शन, दलित सम्मेलन में लाखों की भीड़ जुटने का दावा | Ram ji lal Suman

शेयर करना
Exit mobile version