Adani Total Gas Q2 FY27 Results: अदाणी समूह की कंपनी अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 34% की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह ₹2,102 करोड़ पहुंच गया। वहीं, कंपनी का EBITDA 12% बढ़कर ₹340 करोड़ रहा।

कंपनी ने बताया कि CNG की बढ़ती मांग, पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के विस्तार और नेटवर्क में बढ़ोतरी से परिचालन प्रदर्शन को मजबूती मिली। हालांकि, प्राकृतिक गैस की बढ़ती लागत और पश्चिम एशिया संकट के कारण कंपनी को लागत संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा कितना बढ़ा?

अदाणी टोटल गैस के वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, Q2 FY27 में कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 8% बढ़कर ₹235 करोड़ हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह ₹217 करोड़ था। वहीं, प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 3% बढ़कर ₹167 करोड़ दर्ज किया गया, जो पिछले साल ₹162 करोड़ था।

कंपनी का कैश प्रॉफिट भी 8% बढ़कर ₹254 करोड़ पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह ₹235 करोड़ था।

पहली छमाही में रेवेन्यू 31% बढ़ा

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी H1 FY27 में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 31% बढ़कर ₹3,999 करोड़ हो गया। पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह ₹3,060 करोड़ था।

इस दौरान EBITDA 3% बढ़कर ₹621 करोड़ दर्ज किया गया। हालांकि, PBT में 5% की गिरावट आई और यह ₹414 करोड़ रहा। वहीं, PAT 7% घटकर ₹300 करोड़ पर आ गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह ₹324 करोड़ था।

कंपनी के मुताबिक, प्राकृतिक गैस की बढ़ती कीमतों और इनपुट लागत के दबाव के कारण पहली छमाही में मुनाफे पर असर पड़ा।

CNG और PNG की बिक्री में बढ़ोतरी

अदाणी टोटल गैस ने दूसरी तिमाही में कुल 315 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (MMSCM) गैस की बिक्री की। यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 280 MMSCM के मुकाबले 12% अधिक है।

CNG की बिक्री 17% बढ़कर 223 MMSCM पहुंच गई, जबकि पिछले साल यह 191 MMSCM थी। वहीं, PNG की बिक्री 3% बढ़कर 92 MMSCM दर्ज की गई।

पहली छमाही में कंपनी की कुल गैस बिक्री 13% बढ़कर 618 MMSCM रही। इस दौरान CNG बिक्री 17% बढ़कर 441 MMSCM और PNG बिक्री 4% बढ़कर 177 MMSCM हो गई।

CNG स्टेशनों और PNG कनेक्शन का विस्तार

कंपनी ने अपने नेटवर्क विस्तार के तहत दूसरी तिमाही में 16 नए CNG स्टेशन शुरू किए। इसके साथ 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के कुल CNG स्टेशनों की संख्या बढ़कर 723 हो गई।

PNG कनेक्शन के मामले में भी कंपनी ने विस्तार किया। दूसरी तिमाही में 39,574 नए घरेलू कनेक्शन जोड़े गए, जिससे घरेलू PNG कनेक्शन की संख्या बढ़कर लगभग 11.81 लाख हो गई।

इसके अलावा, कंपनी का स्टील पाइपलाइन नेटवर्क 318 इंच-किलोमीटर बढ़कर कुल 16,305 इंच-किलोमीटर तक पहुंच गया। औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई।

प्राकृतिक गैस की बढ़ती लागत बनी चुनौती

कंपनी ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट, ब्रेंट क्रूड और स्पॉट गैस की ऊंची कीमतों तथा रुपये में गिरावट से प्राकृतिक गैस की लागत बढ़ी। दूसरी तिमाही में प्राकृतिक गैस की लागत में सालाना आधार पर 43% की वृद्धि दर्ज की गई।

कंपनी के अनुसार, CNG सेगमेंट में घरेलू APM गैस आवंटन दूसरी तिमाही के दौरान औसतन लगभग 25% रहा। गैस की जरूरत पूरी करने के लिए कंपनी ने HPHT गैस, दीर्घकालिक और अल्पकालिक अनुबंधों तथा बाजार से खरीद जैसे विकल्पों का इस्तेमाल किया।

कंपनी ने कहा कि विविध गैस सोर्सिंग और कीमतों में संतुलित बदलाव की रणनीति के जरिए लागत के दबाव को संभालने और ग्राहकों को नियमित आपूर्ति जारी रखने पर ध्यान दिया गया।

EV चार्जिंग और बायोमास कारोबार में भी विस्तार

अडानी टोटल गैस ने अपने नए ऊर्जा कारोबार में भी विस्तार किया है। कंपनी की ई-मोबिलिटी इकाई Adani TotalEnergies E-Mobility Limited (ATEL) ने 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 225 शहरों में कुल 5,513 EV चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए हैं। इनमें से 4,809 चार्जिंग पॉइंट चालू हैं और कुल स्थापित क्षमता लगभग 63 मेगावाट है।

वहीं, बायोमास इकाई Adani TotalEnergies Biomass Limited (ATBL) ने पहली छमाही में 460 टन कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) की बिक्री की। कंपनी ने इसी अवधि में 6,865 टन से अधिक जैविक खाद भी बेची।

ESG स्कोर में सुधार

कंपनी के मुताबिक, NSE Sustainability का ESG स्कोर बढ़कर 75 हो गया है। Stakeholders Empowerment Services (SES) का स्कोर भी 100 में से 75 दर्ज किया गया। कंपनी ने इसे पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े प्रयासों की दिशा में प्रगति बताया।

अडानी टोटल गैस देश के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी के कारोबार में CNG, घरेलू और औद्योगिक PNG आपूर्ति के साथ-साथ ई-मोबिलिटी और बायोमास जैसे नए ऊर्जा क्षेत्र भी शामिल हैं।

Adani Power की कमाई में शानदार उछाल,दूसरी तिमाही में मुनाफा 141 प्रतिशत बढ़कर 7,019 करोड़ रुपए हुआ

शेयर करना
Exit mobile version