लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के लिए चल रही मतदान प्रक्रिया में दोपहर होते-होते मतदाताओं का उत्साह रंग लाने लगा है। राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक सभी 11 सीटों पर औसतन 40.87% मतदान दर्ज किया गया है। रुझानों से साफ झलक रहा है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मुकाबले शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता ज्यादा सक्रियता के साथ पोलिंग बूथों पर पहुँच रहे हैं।

शिक्षक वर्ग की सीटों पर वोटिंग प्रतिशत काफी उत्साहजनक रहा है। दोपहर 2 बजे तक बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर सबसे अधिक 59.17% और वाराणसी शिक्षक सीट पर 57.97% मतदान दर्ज किया गया। इसके साथ ही गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर 56.32%, आगरा शिक्षक सीट पर 48.20%, मेरठ शिक्षक सीट पर 46.66% और लखनऊ शिक्षक सीट पर 36.50% वोट पड़े।

वहीं दूसरी ओर, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी लेकिन स्थिर बनी हुई है। आगरा स्नातक सीट पर 2 बजे तक 32% और मेरठ स्नातक सीट पर 30.38% मतदान हुआ। इसके अलावा वाराणसी स्नातक सीट पर 28.59%, लखनऊ स्नातक सीट पर 27.53% और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर 26.30% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण तरीके से वोट डाले जा रहे हैं, और समय ढलने के साथ ही वोटिंग प्रतिशत में और इजाफे की उम्मीद जताई जा रही है।

सीतापुर MLC चुनाव में बवाल! BJP एजेंट पर महिला मतदाता से मतपत्र छीनने का आरोप, मचा हंगामा !

शेयर करना
Exit mobile version