समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर पहुंचकर आज़म खान से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए अखिलेश यादव ने आक्रामक तेवर दिखाए और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “आजम थे, आजम हैं, आजम रहेंगे। इतना अन्याय किसी राजनीतिक परिवार के ऊपर नहीं हुआ होगा, जितना आजम खान साहब के परिवार के ऊपर हुआ है।”

बता दें, अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आज़म खान के खिलाफ सोची-समझी साजिश के तहत झूठे और फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं, जिसके चलते वे वर्षों से जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी मुकदमों और प्रशासनिक बंदिशों में इतनी ताकत नहीं है कि वे सच्चाई को हमेशा के लिए कैद कर सकें। बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि इस सरकार का शिक्षा और पढ़ाई-लिखाई से कोई लेना-देना नहीं है, और इसी दुर्भावना के चलते जौहर यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने की साजिश रची गई।

उन्होंने याद दिलाया कि आज़म खान समाजवादी पार्टी के सबसे पुराने सदस्यों में से एक हैं, जिन्होंने पार्टी को सींचने में अहम भूमिका निभाई है। अखिलेश यादव के इस दौरे और बयानों ने एक बार फिर यूपी की राजनीतिक सरगर्मी को तेज कर दिया है।

उन्होंने अंत में दोहराया कि आजम खान समाजवादी पार्टी के सबसे पुराने और मजबूत स्तंभों में से एक हैं, और पार्टी संकट की इस घड़ी में पूरी तरह से उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

''आजम थे,आजम हैं और आजम रहेंगे'' जेल में मुलाकात के बाद Akhilesh Yadav की हुंकार

शेयर करना
Exit mobile version