अहमदाबाद।अदाणी टोटल गैस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के ऑपरेशनल एवं वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं। 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कुल वॉल्यूम सालाना आधार पर 12% बढ़ा, जबकि ऑपरेशन से रेवेन्यू में 34% की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी का EBITDA भी सालाना आधार पर 12% बढ़कर ₹340 करोड़ पहुंच गया।

कंपनी के मुताबिक, यह प्रदर्शन CNG की लगातार मांग, पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की बढ़ती पहुंच और नेटवर्क विस्तार के चलते रहा। पश्चिम एशिया संकट, ब्रेंट और स्पॉट गैस की ऊंची कीमतों, रुपये में गिरावट और घरेलू गैस आवंटन में कमी जैसी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने वॉल्यूम ग्रोथ बनाए रखी।

Q2FY27 में रेवेन्यू 34% बढ़ा

ATGL के CEO संजय पंडिता ने कहा कि कंपनी ने दूसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। उनके मुताबिक, CNG, PNG, ई-मोबिलिटी और बायोमास सेगमेंट में अनुशासित निवेश, परिचालन दक्षता और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर कंपनी का फोकस जारी है।

कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में ऑपरेशन से रेवेन्यू 34% बढ़ा। वहीं, पहली छमाही यानी H1FY27 में इसमें सालाना आधार पर 31% की वृद्धि हुई। कुल वॉल्यूम दूसरी तिमाही में 12% और पहली छमाही में 13% बढ़ा।

CNG वॉल्यूम में 17% की बढ़ोतरी

कंपनी के CNG कारोबार में वृद्धि दर्ज की गई। Q2FY27 और H1FY27, दोनों अवधियों में CNG वॉल्यूम सालाना आधार पर 17% बढ़ा। कंपनी ने इसका श्रेय अपने नेटवर्क के विस्तार और विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में बढ़े हुए थ्रूपुट को दिया।

PNG सेगमेंट में घरेलू और व्यावसायिक मांग के चलते दूसरी तिमाही में 3% और पहली छमाही में 4% की सालाना वृद्धि हुई। कंपनी के अनुसार, अब तक करीब 11.81 लाख घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है।

गैस की कीमतों और लागत का दबाव

ATGL के मुताबिक, पश्चिम एशिया संकट के जारी रहने से ब्रेंट और स्पॉट गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही रुपये में गिरावट ने गैस की लागत पर अतिरिक्त दबाव डाला।

कंपनी ने बताया कि 5 जुलाई 2026 से टेम्पररी पूल्ड गैस सपोर्ट वापस लिए जाने के बाद सरकार ने बदला हुआ HPHT गैस आवंटन ढांचा लागू किया। इससे मांग और उपलब्धता के आधार पर सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों के लिए घरेलू गैस की उपलब्धता में सुधार हुआ।

Q2FY27 में CNG सेगमेंट के लिए APM गैस आवंटन औसतन करीब 25% रहा। कंपनी ने कमी पूरी करने के लिए HPHT गैस, NWG, लॉन्ग-टर्म और शॉर्ट-टर्म कॉन्ट्रैक्ट तथा बाजार से खरीद का सहारा लिया। ATGL के अनुसार, विविध स्रोतों से गैस खरीदने और संतुलित मूल्य निर्धारण की रणनीति ने लागत के दबाव को संभालने में मदद की।

EBITDA ₹340 करोड़, PBT और PAT के आंकड़े

ATGL का EBITDA दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 12% बढ़कर ₹340 करोड़ रहा। वहीं, H1FY27 में EBITDA 3% बढ़कर ₹621 करोड़ दर्ज किया गया।

दूसरी तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) ₹235 करोड़ और प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) ₹167 करोड़ रहा। कंसोलिडेटेड PAT Q2FY27 में ₹173 करोड़ और H1FY27 में ₹315 करोड़ दर्ज किया गया।

EV चार्जिंग नेटवर्क 225 शहरों तक पहुंचा

कंपनी की सहायक इकाई अडानी टोटलएनर्जीज ई-मोबिलिटी लिमिटेड (ATEL) ने इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया है। कंपनी के अनुसार, 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 225 शहरों में कुल 5,513 EV चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं।

इनमें से 4,809 चार्जिंग पॉइंट चालू हैं। कंपनी की स्थापित चार्जिंग क्षमता बढ़कर करीब 63 मेगावाट हो गई है।

CBG और ऑर्गेनिक खाद कारोबार में भी विस्तार

ATGL ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कुल 460 मीट्रिक टन कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) बेची। इसमें से 195 टन की बिक्री समर्पित CBG स्टेशनों के माध्यम से की गई, जबकि बाकी मात्रा तीसरे पक्ष के ग्राहकों को बेची गई।

इसी अवधि में ऑर्गेनिक खाद की बिक्री 6,865 टन से अधिक रही। इसमें हरित अमृत ब्रांड के तहत 1,757 टन से अधिक की बिक्री शामिल है। कंपनी ने बताया कि हरित अमृत ब्रांड के क्षेत्रीय विस्तार के साथ किसानों के बीच जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।

ESG स्कोर में सुधार

कंपनी के प्रमुख पर्यावरण, सामाजिक और गवर्नेंस (ESG) संकेतकों में भी सुधार दर्ज किया गया। ATGL के अनुसार, NSE सस्टेनेबिलिटी स्कोर बढ़कर 75 हो गया, जबकि स्टेकहोल्डर्स एम्पावरमेंट सर्विसेज (SES) का स्कोर 100 में से 75 रहा।

34 भौगोलिक क्षेत्रों में ATGL का कारोबार

अदाणी टोटल गैस देश में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार करती है और प्राकृतिक गैस की पहुंच बढ़ाने में भूमिका निभाती है। कंपनी के मुताबिक, 53 भौगोलिक क्षेत्रों में से 34 ATGL के स्वामित्व में हैं, जबकि बाकी 19 क्षेत्र इंडियन ऑयल-अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड (IOAGPL) के पास हैं। IOAGPL, ATGL और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का 50:50 संयुक्त उद्यम है।

इसके अलावा, कंपनी ने ई-मोबिलिटी और बायोमास कारोबार के लिए अदाणी टोटलएनर्जीज ई-मोबिलिटी लिमिटेड (ATEL) और अदाणी टोटलएनर्जीज बायोमास लिमिटेड (ATBL) नाम से दो पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियां बनाई हैं। गैस मीटर निर्माण कारोबार के लिए स्मार्ट मीटर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड नाम से 50:50 का संयुक्त उद्यम भी स्थापित किया गया है।

''आजम थे,आजम हैं और आजम रहेंगे'' जेल में मुलाकात के बाद Akhilesh Yadav की हुंकार

शेयर करना
Exit mobile version