उत्तर प्रदेश के देवरिया में सड़क किनारे मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या करने वाला कोई अनजान व्यक्ति नहीं, बल्कि उसी स्कूल का प्रबंधक था, जहां वह शिक्षिका के तौर पर काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध और शादी के दबाव को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला की हत्या कर दी और शव को कार की डिग्गी में छिपाकर दिनभर घूमता रहा। रात में सुनसान जगह पर शव फेंककर फरार हो गया।
72 घंटे में पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा
पुलिस ने घटना के 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए गोरखपुर के एक निजी स्कूल के प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र के कन्हौली हरैया निवासी रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह आरोपी के स्कूल में शिक्षिका थी।
पुलिस के अनुसार, रानी और विजय के बीच प्रेम संबंध थे। हालांकि, विजय पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। बताया गया कि रानी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी।
मामला 31 अक्टूबर की रात सामने आया, जब रुद्रपुर थाना क्षेत्र में श्री नेत्र ग्लोबल स्कूल के पास एक वैगनआर कार से महिला का शव फेंके जाने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अभिजित आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित कीं।
मृतका की पहचान होने के बाद उसके पिता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि 31 अक्टूबर की सुबह रानी अपने स्कूल पहुंची थी, जहां उसने प्रबंधक विजय निषाद से शादी की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद विजय उसे अपनी वैगनआर कार में बैठाकर मिठाबेल गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर ले गया।
चलती कार में गला दबाकर की हत्या, डिग्गी में रखा शव
पुलिस के मुताबिक, कार में दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान विजय ने कार की बीच वाली सीट पर बैठी रानी का गला दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कार की डिग्गी में रख दिया और उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूरे दिन शव को कार की डिग्गी में रखकर चौरीचौरा और आसपास के इलाकों में घूमता रहा।
इस दौरान उसने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। आरोपी ने रानी का मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसका कवर व एटीएम कार्ड अलग-अलग जगह फेंक दिए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। इसके बाद रात होने पर वह रुद्रपुर पहुंचा और श्री नेत्र ग्लोबल स्कूल के पास शव फेंककर फरार हो गया।
निबही मोड़ के पास से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपी विजय निषाद तक पहुंच बनाई। उसे निबही मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



