भारत में जल्द ही कागज के नोटों की जगह प्लास्टिक के नोट यानी पॉलीमर नोट देखने को मिल सकते हैं। सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ महीनों से इसको लेकर जानकारी सामने आ रही थी। अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने पॉलीमर नोटों को चलन में लाने की तैयारी तेज कर दी है और इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया गया है।

रॉ मैटेरियल के लिए RBI ने जारी किया ग्लोबल टेंडर

RBI ने देश के करेंसी सिस्टम में बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पॉलीमर नोटों के लिए जरूरी कच्चे माल की व्यवस्था शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, RBI की नोट प्रिंटिंग शाखा ने ओपेसिफाइड पॉलीमर सब्सट्रेट शीट्स (प्लास्टिक नोट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला बेस मटीरियल) की खरीद के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स में आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस टेंडर के तहत बोली जमा करने की अंतिम तारीख 18 अगस्त तय की गई है। इसके बाद पायलट प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

₹10 और ₹20 के नोटों से शुरू हो सकता है ट्रायल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, RBI शुरुआती चरण में छोटे मूल्य वर्ग के नोटों यानी ₹10 और ₹20 के पॉलीमर नोटों का संचालन शुरू कर सकता है। हालांकि, अभी तक RBI की ओर से पॉलीमर नोटों की लॉन्चिंग तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में संभावना जताई जा रही है कि भारत में पॉलीमर नोटों का बड़े स्तर पर इस्तेमाल साल 2027 से शुरू हो सकता है।

कागज के नोटों से ज्यादा टिकाऊ होते हैं पॉलीमर नोट

पॉलीमर नोटों को कागज की करेंसी के मुकाबले ज्यादा मजबूत और टिकाऊ माना जाता है। इन पर पानी, नमी और गंदगी का असर कम होता है, जिससे इनकी उम्र सामान्य कागजी नोटों से ज्यादा होती है। हालांकि, पॉलीमर नोटों की छपाई का शुरुआती खर्च मौजूदा कागजी नोटों की तुलना में अधिक हो सकता है, लेकिन लंबी अवधि तक चलने की वजह से बार-बार नोट छापने की जरूरत कम हो जाती है। इससे भविष्य में लागत कम होने की संभावना रहती है।

कई देशों में पहले से चल रहे हैं पॉलीमर नोट

बता दे कि भारत में पॉलीमर नोट लाने की कोशिश पहली बार नहीं की जा रही है। दुनिया के करीब 60 देशों में पहले से ही प्लास्टिक के नोट चलन में हैं। इसकी शुरुआत सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया में हुई थी। इसके बाद कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, मलेशिया, थाईलैंड, रोमानिया और ब्रुनेई जैसे देशों में भी ये नोट चलन में आया। अब भारत में भी इसको चलाने पर जोर दिया जा रहा है।

देश की पहली Hydrogen Train का PM Modi ने किया शुभारंभ, Jind और Sonipat के बीच चलेगी

शेयर करना
Exit mobile version