बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी आखिरी रिलीज फिल्म ‘सिकंदर’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इसके बाद सलमान खान ‘मातृभूमि’ पर काम कर चुके हैं, जो शुरुआत में ‘बैटल ऑफ गलवान’ के नाम से बनाई जा रही थी। हालांकि, फिल्म में बदलाव के बाद इसका नाम भी बदल दिया गया। अभी इसकी रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, सलमान खान का पूरा फोकस वामसी पेडिपल्ली की अगली एक्शन फिल्म पर बताया जा रहा है, जिसमें उनके अपोजिट नयनतारा नजर आएंगी। इसके अलावा राज एंड डीके की फिल्म से भी सलमान खान का नाम जोड़ा जा रहा है।
राकेश ओमप्रकाश मेहरा के साथ जुड़ा सलमान का नाम
इन सबके बीच अब सलमान खान के एक और बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने की चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में फिल्मफेयर की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि सलमान खान जल्द ही फिल्ममेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा की अपकमिंग फिल्म में कर्ण का किरदार निभा सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान और राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिलाया है। अगर यह प्रोजेक्ट आगे बढ़ता है तो सलमान के लिए कर्ण का किरदार काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
महाभारत के कर्ण के किरदार में दिखेंगे सलमान?
महाभारत में कर्ण को उनकी वफादारी, साहस और दुखद जीवन-यात्रा के लिए जाना जाता है। कर्ण महाकाव्य के सबसे चर्चित और जटिल किरदारों में से एक हैं। ऐसे में अगर सलमान खान इस भूमिका में नजर आते हैं, तो यह उनके करियर के अलग तरह के किरदारों में से एक हो सकता है।
राकेश ओमप्रकाश मेहरा इससे पहले ‘रंग दे बसंती’, ‘दिल्ली-6’, ‘भाग मिल्खा भाग’ और ‘तूफान’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। ऐसे में सलमान खान के साथ उनके संभावित कोलैबोरेशन को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
अभी नहीं हुआ फिल्म का ऑफिशियल ऐलान
हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक सलमान खान या राकेश ओमप्रकाश मेहरा की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिल्म की कहानी, बाकी कलाकारों, प्रोडक्शन शुरू होने और रिलीज डेट को लेकर भी फिलहाल कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।
अगर फिल्म महाभारत के कर्ण की कहानी पर आधारित होती है, तो इसमें पांडवों के साथ उनके जटिल रिश्ते और दुर्योधन के प्रति उनकी अटूट वफादारी को अहम तरीके से दिखाया जा सकता है। अब सभी की नजरें इस प्रोजेक्ट के आधिकारिक ऐलान और सलमान खान के नए किरदार पर टिकी हैं।



