मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले कानूनी विवाद में घिर गई है। फिल्म के टीजर में डॉक्टरों और निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टाफ को दिखाए जाने के तरीके पर कुछ चिकित्सकों ने आपत्ति जताई है। मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच चुका है। अदालत ने इस याचिका पर केंद्र सरकार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) और फिल्म निर्माताओं से जवाब तलब किया है। अब इस मामले ने फिल्म की रिलीज से पहले नई चर्चा छेड़ दी है।
डॉक्टरों ने टीजर हटाने की उठाई मांग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के चार डॉक्टरों ने फिल्म के टीजर को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका दायर करने वालों में डॉ. निशांत सोनी, डॉ. आशीष तोमर, डॉ. रवि भाटिया और डॉ. शिवम वत्सल शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग कॉर्पोरेट अस्पतालों में कार्यरत हैं।
डॉक्टरों की ओर से अदालत में पेश हुए वकील वरुण सिंह ने टीजर को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि फिल्म में निजी अस्पतालों के डॉक्टरों की छवि को जिस तरह प्रस्तुत किया गया है, उससे पूरे चिकित्सा समुदाय की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।
केंद्र सरकार और फिल्म निर्माताओं को नोटिस
इस मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, CBFC और फिल्म के निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। नोटिस पाने वालों में MM Movies और Zee Entertainment Enterprises Limited शामिल हैं। अदालत ने सभी संबंधित पक्षों से याचिका पर अपना पक्ष रखने को कहा है।
डॉक्टरों को किस बात का है डर?
डॉक्टरों की चिंता सिर्फ उनकी पेशेवर छवि तक सीमित नहीं है। याचिका में आशंका जताई गई है कि फिल्मों और दूसरे मनोरंजन माध्यमों में मेडिकल प्रोफेशन को गलत तरीके से दिखाने से आम लोगों के बीच डॉक्टरों के प्रति नकारात्मक धारणा बन सकती है।
D.O.C.S (डॉक्टर्स ऑफ कॉर्पोरेट सोसाइटी) से जुड़े पदाधिकारियों का भी इस मामले में समर्थन बताया गया है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि चिकित्सा कर्मचारियों को पहले से ही मरीजों और उनके परिजनों के गुस्से और हमलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पर्दे पर डॉक्टरों की नकारात्मक छवि दिखाए जाने से स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आक्रोश बढ़ने की आशंका है। डॉक्टरों ने यह भी कहा है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें न्यायालय का रुख करना पड़ा।
20 नवंबर को रिलीज होनी है फिल्म
सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हालांकि, टीजर को लेकर दाखिल याचिका के बाद फिल्म की चर्चा अब कानूनी विवाद के कारण भी हो रही है। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 16 नवंबर को निर्धारित है। अब देखना होगा कि अदालत में संबंधित पक्ष क्या जवाब देते हैं और फिल्म के टीजर को लेकर आगे क्या फैसला सामने आता है।



