लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी बेबाक और अक्सर विवादित बयानों के लिए पहचाने जाने वाले सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिससे प्रशासनिक और सियासी हलकों में भूचाल आ गया है। एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए मंत्री राजभर ने खुले मंच से खुद को “सबसे बड़ा गुंडा” घोषित कर दिया।

राजभर का यह दावा यहीं नहीं रुका, उन्होंने आगे कहा कि जितने भी बड़े माफिया, बदमाश और बाहुबली हैं, वे सब उनकी दरबारी करते हैं। अपने इस दावे के समर्थन में उन्होंने सीधे तौर पर धनंजय सिंह, अभय सिंह और ब्रजेश सिंह जैसे चर्चित और ताकतवर राजनीतिक व बाहुबली चेहरों का नाम लेते हुए कहा कि ये सभी लोग उनकी चौखट पर हाजिरी लगाते हैं और उनकी दरबारी करते हैं।

एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना और खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताना सियासी गलियारों में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है। इस बयान के सामने आने के बाद विपक्ष को सरकार पर हमला करने का एक और मौका मिल गया है, वहीं प्रशासनिक अमले में भी इस बात की सुगबुगाहट तेज हो गई है कि आखिर सत्ता के गलियारों में ऐसे बयानों के क्या मायने हैं। राजभर का यह अंदाज एक बार फिर उन्हें राजनीतिक सुर्खियों के केंद्र में ले आया है।

"मैं सबसे बड़ा गुंडा हूं" ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, माफियाओं को लेकर किया दावा

शेयर करना
Exit mobile version