बॉलीवुड के ‘किंग’ शाह रुख खान अपनी बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ (King Movie) के साथ एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करने के लिए तैयार हैं। ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ की रिकॉर्डतोड़ सफलता के बाद, क्रिसमस पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म ने सिनेमाघरों में आने से पहले ही भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नया कीर्तिमान रच दिया है। फिल्म के ओवरसीज (विदेशी) डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स रिकॉर्ड तोड़ कीमत पर बिके हैं, जिसने इंडस्ट्री के पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स (पिंकविला) के मुताबिक, अंतर्राष्ट्रीय डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी फार्स फिल्म्स (Phars Film) ने ‘किंग’ के ओवरसीज राइट्स लगभग 18 मिलियन डॉलर यानी 175 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। यह मिनिमम गारंटी (MG) डील भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे महंगी ओवरसीज राइट्स डील बन गई है। फार्स फिल्म्स के चेयरमैन मिस्टर गोलचिन ने शाह रुख खान को ग्लोबल आइकॉन बताते हुए इस मेगा प्रोजेक्ट से जुड़ने पर गर्व महसूस किया है। वहीं रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सीईओ ने भी इस डील पर खुशी जताते हुए अंतर्राष्ट्रीय बाजार में फिल्म की मजबूत पहुंच की उम्मीद जताई है।
शाह रुख खान की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘पठान’ और ‘जवान’ ने विदेशी बाजारों में 400 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया था। अब 175 करोड़ रुपये की इस विशालकाय डिस्ट्रीब्यूशन डील के बाद ‘किंग’ के सामने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने का एक बड़ा टारगेट सेट हो गया है, ताकि डिस्ट्रीब्यूटर्स को भारी मुनाफा मिल सके। 24 दिसंबर को worldwide रिलीज होने जा रही यह फिल्म कमाई के नए मानदंड स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।



