भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के निर्देशों के बाद टेलीकॉम दिग्गज रिलायंस जियो ने देश में अपने यूजर्स के लिए चार नए सस्ते ‘वॉयस-ओनली’ प्रीपेड रीचार्ज प्लान्स की घोषणा की है। ये प्लान्स खास तौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किए गए हैं जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है और वे केवल अनलिमिटेड कॉलिंग सर्विस का इस्तेमाल करना चाहते हैं। 147 रुपये से शुरू होने वाले इन प्लान्स की वैलिडिटी 22 दिनों से लेकर एक पूरे कैलेंडर महीने तक रखी गई है।
जियो के नए रीचार्ज पोर्टफोलियो में पहला प्लान 147 रुपये का है, जिसमें 22 दिनों की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 300 SMS मिलते हैं। दूसरा प्लान 177 रुपये का है, जो 28 दिनों की वैलिडिटी, अनलिमिटेड वॉयस कॉल्स और 300 SMS की सुविधा देता है। तीसरा प्लान 196 रुपये का है जिसकी वैलिडिटी 30 दिनों की है। वहीं, चौथा प्लान 197 रुपये का है जो पूरे एक कैलेंडर महीने की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड कॉल्स और SMS ऑफर करता है। इन सभी वॉयस-ओनली पैक के साथ JioTV और JioAICloud के अतिरिक्त फायदे भी शामिल हैं।
इसके अलावा जियो के पास लंबी वैलिडिटी वाले 448 रुपये (84 दिन) और 1,748 रुपये (336 दिन) के वॉयस-ओनली प्लान्स भी पहले से मौजूद हैं। यह कदम फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों, सेकेंडरी सिम एक्टिव रखने वालों और केवल वाई-फाई पर निर्भर रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए बेहद किफायती साबित होगा। हालांकि, यदि कोई यूजर 200 रुपये से कम में थोड़ा डेटा भी चाहता है, तो उसके लिए जियो का 189 रुपये वाला प्लान (28 दिन वैलिडिटी, 2GB डेटा, अनलिमिटेड कॉल्स और 300 SMS) एक बेहतरीन विकल्प है।



