बॉलीवुड एक्ट्रेस शनाया कपूर ने सोमवार को अपना जन्मदिन खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। एक्टर संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी शनाया ने इस मौके पर विच-थीम वाली शानदार पार्टी रखी। इस पार्टी में उनकी करीबी दोस्त सुहाना खान, अनन्या पांडे और खुशी कपूर समेत कई खास मेहमान शामिल हुए। पार्टी की तस्वीरें शनाया ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जो अब चर्चा में हैं।
काले कपड़ों और विच हैट में नजर आए मेहमान
शनाया कपूर की बर्थडे पार्टी का थीम काफी दिलचस्प था। पार्टी में शामिल सभी मेहमानों के लिए डरावना ड्रेस कोड रखा गया था। सभी लोग काले कपड़ों और विच हैट में नजर आए। सुहाना खान, अनन्या पांडे और खुशी कपूर ने भी पार्टी में जमकर मस्ती की।
इस सेलिब्रेशन का सबसे खास आकर्षण बर्थडे केक रहा। केक पर मजेदार अंदाज में लिखा था, ‘चुड़ैलें बूढ़ी नहीं होतीं।’ शनाया ने पार्टी की तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘मेरी चुड़ैलों के साथ सबसे अच्छा बर्थडे!!!!’
इन फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं शनाया
शनाया कपूर अपने बॉलीवुड डेब्यू और फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। वह ‘आंखों की गुस्ताखियां’ में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। साल 2026 में वह आदर्श गौरव के साथ ‘तू या मैं’ में भी नजर आईं।
अब शनाया अपने आगामी प्रोजेक्ट ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ को लेकर चर्चा में हैं। इस सीरीज में वह आयशा और अदिति नाम की दो बहनों का किरदार निभाती नजर आएंगी।
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ में दिखेगा नया अंदाज
शनाया कपूर ने अपने किरदारों को लेकर बताया कि आयशा और अदिति का रोल निभाना उनके लिए एक चुनौतीपूर्ण और शानदार अनुभव रहा है। दोनों बहनें दिखने में भले ही एक जैसी हों, लेकिन उनकी पर्सनैलिटी और फैसले एक-दूसरे से काफी अलग हैं।
कहानी में आयशा की रहस्यमयी मौत और अदिति की सच्चाई जानने की कोशिश अहम भूमिका निभाती है। शनाया के मुताबिक, यह सीरीज लोकप्रिय फ्रैंचाइजी को एक नई दिशा में लेकर जाती है, जहां मुकाबला सिर्फ जीत और खिताब तक सीमित नहीं है, बल्कि रिश्तों और रहस्यों की भी अहम भूमिका है।
रीमा माया ने बताया कैसी होगी सीरीज की कहानी
सीरीज की निर्देशक रीमा माया के मुताबिक, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ में युवाओं के बीच बढ़ते कॉम्पिटिशन, महत्वाकांक्षा और सफलता के दबाव को दिखाया जाएगा। यह एक मर्डर मिस्ट्री और कॉम्पिटिशन सीरीज है, जिसमें मुकाबला ही जांच का हिस्सा बन जाता है।
धर्माटिक एंटरटेनमेंट के प्रोडक्शन में बनी इस सीरीज का निर्देशन रीमा माया ने किया है। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ 13 नवंबर को JioHotstar पर रिलीज होगी।



