उत्तर प्रदेश की राजनीति में लखनऊ के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (JPNIC) और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर घमासान और तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी सरकार पर बेहद तीखा हमला बोला है। अखिलेश ने दो टूक शब्दों में कहा कि JPNIC को लेकर सरकार चाहे जितनी बयानबाजी कर ले, लेकिन इस पूरे मामले में हुए भ्रष्टाचार का काला सच एक दिन जरूर देश के सामने खुलेगा और इसमें शामिल हर शख्स का नंबर जरूर लगेगा।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि ये लोग लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों और ऐतिहासिक धरोहर को भी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि इनकी कार्यशैली को देखकर ऐसा लगता है जैसे यहां भी कोई गुप्त खजाना तलाश रहे हों और इनसे उम्मीद है कि वहां से स्वर्ण सिल्लियां निकाल लेंगे। इसके साथ ही, अखिलेश ने राम मंदिर से जुड़े गबन के मामलों का भी जिक्र किया और बीजेपी पर धर्म के नाम पर ढोंग करने का गंभीर आरोप लगाया।
सपा प्रमुख ने बीजेपी की छवि पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की कारगुजारियों को छिपाने के लिए चाहे जितनी कोशिश कर ली जाए, लेकिन इनकी छवि इतनी दागदार हो चुकी है कि 70 हजार करोड़ रुपये खर्च करके भी इसे सुधारा नहीं जा सकता है। अखिलेश के इस आक्रामक तेवर और बयानों के बाद से राज्य की सियासत में एक बार फिर भूचाल आ गया है, और दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।



