मर्सिडीज-बेंज भारतीय लग्जरी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बाजार में अपनी सबसे लोकप्रिय SUV का इलेक्ट्रिक अवतार उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी Mercedes-Benz GLC Electric की आधिकारिक बुकिंग अक्टूबर 2026 के पहले हफ्ते में शुरू करेगी, जबकि इसे 2026 के अंत तक भारत में आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया जाएगा। लग्जरी सेगमेंट में प्रतिस्पर्धी कीमत बनाए रखने के लिए इस कार को भारत में ही स्थानीय स्तर पर असेंबल (CKD) किया जाएगा। भारत में इसे शुरुआत में GLC 400 4MATIC वेरिएंट में उतारा जाएगा।
कार में 94kWh का हाई-डेंसिटी NMC बैटरी पैक मिलेगा, जो एक बार फुल चार्ज करने पर 715 किलोमीटर तक की WLTP क्लेम्ड रेंज प्रदान करने में सक्षम है। परफॉर्मेंस के मामले में इसमें ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) डुअल मोटर सेटअप दिया गया है, जो 489bhp की पावर और 800Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इलेक्ट्रिक SUV महज 4.3 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 210 किमी/घंटा है। इसमें 800V आर्किटेक्चर और 330kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है, जिससे केवल 10 मिनट की चार्जिंग में 300 किमी से अधिक की रेंज जोड़ी जा सकती है।
GLC Electric का केबिन पूरी तरह से फ्यूचरिस्टिक और हाई-टेक है। इसका सबसे मुख्य आकर्षण 39.1-इंच का विशाल MBUX Hyperscreen है, जो ड्राइवर डिस्प्ले, सेंट्रल इंफोटेनमेंट और पैसेंजर स्क्रीन को एक साथ जोड़ता है। इसमें Google और Microsoft AI तकनीकों से लैस नेक्स्ट-जनरेशन MBUX सिस्टम, स्विचेबल ग्लास टेक्नोलॉजी वाला SKY CONTROL पैनोरमिक रूफ और 162 इल्यूमिनेटेड स्टार्स इफेक्ट वाली एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं।



