केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल के कार्यकाल को लेकर बड़ा दावा किया है। पुणे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले और भ्रष्टाचार हुए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 12 साल में चार आने के भ्रष्टाचार का भी कोई आरोप नहीं लगा।

कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ के घोटालों का आरोप

अमित शाह ने कहा कि चुनाव में हार और जीत किसी भी पार्टी के नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करती है। कांग्रेस को देश की जनता ने 10 साल तक मौका दिया, लेकिन उसके कार्यकाल में घोटाले और भ्रष्टाचार हुए। शाह के मुताबिक, जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल में उन पर चार आने के भ्रष्टाचार का भी कोई आरोप नहीं लगा है।

राहुल गांधी को अमित शाह की सलाह

अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से सत्ता हासिल नहीं होगी। अगर कांग्रेस को सत्ता में वापस आना है तो राहुल गांधी को विदेश यात्राएं छोड़कर देश के गांवों में जाना चाहिए।

शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर वे इसी दिशा में चलते रहे तो पार्टी की सत्ता में वापसी में 30 साल लग सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की विकास यात्रा को दुनिया के सामने बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

‘भारत समिट 2026’ को लेकर भी साधा निशाना

अमित शाह ने हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस सम्मेलन में देश और विदेश से वामपंथी विचारधारा के समर्थकों को आमंत्रित किया और राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय मंच से भारत के खिलाफ विचार रखकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

राहुल गांधी ने लोकतंत्र को लेकर उठाए सवाल

दरअसल, हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 में शनिवार को राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि 2014 के बाद देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हुई है।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा था कि 2014 के चुनाव में राजनीतिक व्यवस्था में बड़े पैमाने पर धन का इस्तेमाल हुआ और चुनावी परिदृश्य में बदलाव आया। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को इन बदलावों को समझने में करीब एक दशक लग गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 2014 में भारत में लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया था। भारत समिट में राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

"मंचों से नही कर्मों से दिखता है सच्चा सनातनी", Akhilesh के सामने मंच से दहाड़ी Ragini Sonkar

शेयर करना
Exit mobile version