उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी ने भी चुनावी तैयारियों के बीच अपने संगठन और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सैफई में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया। शिवपाल ने 2027 के चुनाव को पार्टी के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई बताते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की सख्त हिदायत दी।

शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए संघर्ष किया गया था, उसी तरह उन्हें भी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। हालांकि, उनके संबोधन में सबसे ज्यादा जोर कार्यकर्ताओं के व्यवहार और अनुशासन पर रहा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी कार्यकर्ता किसी को धमकी न दे और न ही यह कहे कि ‘सरकार आने दो, फिर देख लेंगे’।

शिवपाल ने यहां तक चेतावनी दी कि अगर कोई कार्यकर्ता इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करता है, तो संबंधित जिला अध्यक्ष उसे तत्काल पार्टी से बाहर कर दें। उनके इस बयान को चुनाव से पहले पार्टी की छवि और संगठनात्मक अनुशासन को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, समाजवादी पार्टी पर विरोधी दलों की ओर से अक्सर अनुशासनहीनता और गुंडागर्दी के आरोप लगाए जाते रहे हैं। ऐसे में शिवपाल यादव की यह हिदायत राजनीतिक रूप से भी अहम मानी जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि चुनाव जीतने की तैयारी के साथ-साथ पार्टी की मर्यादा और व्यवहार का भी ध्यान रखना होगा।

वहीं, शिवपाल यादव इससे पहले सपा और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। उन्होंने यह दावा भी किया था कि 2027 में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। अब चुनाव से पहले शिवपाल की यह नसीहत पार्टी के कार्यकर्ताओं और संगठन पर कितना असर डालती है, यह आने वाले दिनों में देखने वाली बात होगी।

Lucknow में Agra Expressway पर बड़ा हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में पलटी!

शेयर करना
Exit mobile version