मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने किताब को नेहरू परिवार की छवि सुधारने की कोशिश बताते हुए इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया। सारंग ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी अपनी किताब में भ्रामक तथ्य पेश कर नेहरू परिवार की गलतियों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने बाबरी मस्जिद विध्वंस का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी के उस कथित बयान पर सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने कहा था कि मस्जिद गिराए जाने पर उनकी आंखों में आंसू थे। सारंग ने सवाल किया कि जब निहत्थे कारसेवकों की हत्या हुई या पुलवामा और मुंबई आतंकी हमलों में जवानों और आम नागरिकों की जान गई, तब उनकी संवेदना कहां थी?
सारंग ने कहा कि विदेशी मूल की महिला होने के बावजूद सोनिया गांधी भारत के बारे में टिप्पणी कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में पेश किए गए तथ्य नेहरू परिवार की गलतियों को छिपाने का प्रयास हैं। गलत बयान और भ्रामक इंटरव्यू देकर परिवार की छवि सुधारने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 दंगों को लेकर भी उठाए सवाल
विश्वास सारंग ने ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस विवादित बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कहा था कि ‘जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।’
सारंग ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने उस समय सिख समुदाय के लोगों की हत्याओं पर वैसी संवेदना नहीं दिखाई। उन्होंने किताब में संजय गांधी को पूरे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने से जुड़े कथित दावों पर भी सवाल उठाए।
नेशनल हेराल्ड और UPA सरकार को लेकर भी घेरा
मंत्री ने नेशनल हेराल्ड मामले, मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली UPA सरकार और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी सोनिया गांधी से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में लगे आरोपों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
सारंग ने सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर हरियाणा में किसानों की जमीन से जुड़े आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार को पर्दे के पीछे से संचालित करती थीं और सुपर प्रधानमंत्री की भूमिका निभा रही थीं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे थे और भारत से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां विदेश भेजे जाने के आरोपों पर भी सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए।
सारंग ने कहा कि यह किताब को हिट कराने और नेहरू परिवार की छवि सुधारने का असफल प्रयास है, ताकि उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने सोनिया गांधी से भ्रामक तथ्य पेश करने से बचने की अपील की।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी साधा निशाना
इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भी विश्वास सारंग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या आने और भगवान राम के दर्शन करने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है, लेकिन अखिलेश यादव को सबसे पहले 1990 में अयोध्या में पुलिस फायरिंग में मारे गए कारसेवकों को श्रद्धांजलि देनी चाहिए और घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए।
सारंग ने कहा कि कारसेवकों की मौत मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान हुई थी। ऐसे में अखिलेश यादव को अयोध्या दौरे से पहले उस घटना पर खेद जताना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव राजनीतिक लाभ के लिए अयोध्या जा रहे हैं और यादव परिवार ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी की थीं।



