बिजनेस डेस्क : टेक जगत की दिग्गज कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की यूनियन ने आखिरकार बोनस-पे डील को अपनी मंजूरी दे दी है। पिछले हफ्ते दक्षिण कोरिया के श्रम मंत्री के बीच-बचाव के बाद जल्दबाजी में हुए इस समझौते को यूनियन के लगभग 74% सदस्यों का समर्थन मिला है। इस मंजूरी के साथ ही कंपनी में संभावित हड़ताल टल गई है, जिससे वैश्विक चिप सप्लाई चेन को बड़ी राहत मिली है। इस खबर के आते ही सैमसंग के शेयरों में 8 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई।

बोनस और प्रॉफिट शेयरिंग पर बनी सहमति
मैनेजमेंट और वर्कर्स के बीच पिछले पांच महीनों से बोनस भुगतान संरचना और प्रॉफिट शेयरिंग को लेकर विवाद चल रहा था। दरअसल, एआई (AI) के बढ़ते चलन के कारण कंपनी का सेमीकंडक्टर बिजनेस तेजी से बढ़ा है, जिसके बाद कर्मचारी बोनस में बदलाव की मांग कर रहे थे।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नए समझौते के तहत सभी चिप वर्कर्स को उनके सालाना मुआवजे (Compensation) का 50 फीसदी नियमित कैश बोनस के रूप में मिलेगा। इसके साथ ही, चिप डिवीजन के ऑपरेटिंग प्रॉफिट के 10.5 फीसदी के बराबर एक स्पेशल बोनस भी दिया जाएगा, जिसका भुगतान स्टॉक के रूप में होगा। हालांकि, यह भुगतान कंपनी के प्रॉफिट माइलस्टोन को पूरा करने पर निर्भर करेगा।

माइनॉरिटी यूनियन ने जताया विरोध
इस डील को लेकर कंपनी के भीतर ही मतभेद भी सामने आए हैं। सैमसंग की एक माइनॉरिटी यूनियन ने इस समझौते का विरोध किया है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल डिवीजन (DX डिवीजन – डिवाइस एक्सपीरियंस यूनिट) के यूनियन लीडर्स का आरोप है कि यह डील केवल मेमोरी चिप डिवीजन के वर्कर्स के पक्ष में है। उनका कहना है कि जब चिप बिजनेस संघर्ष कर रहा था, तब डीएक्स डिवीजन ने ही कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट को बनाए रखा था, लेकिन नया समझौता उनके साथ भेदभाव करता है।

वैश्विक बाजार और एआई बूम के लिए अहम
सैमसंग दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था का एक मुख्य स्तंभ है, जो देश के कुल निर्यात का एक-चौथाई हिस्सा संभालती है। एआई बूम के इस दौर में वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन के लिए भी सैमसंग बेहद महत्वपूर्ण है। वर्तमान में एआई-ड्रिवन डिमांड के चलते ग्लोबल सेमीकंडक्टर स्टॉक्स में निवेशकों की दिलचस्पी काफी बढ़ी है, जिसके कारण अमेरिकी कंपनी माइक्रोन और कोरियाई चिप निर्माता एसके हाइनिक्स जैसी कंपनियों का वैल्यूएशन $1 ट्रिलियन तक पहुंच गया है।

"वीडियो वायरल करने की दी धमकी",महिला डॉक्टर का आरोप,BJP नेता के कृत्य से सियासी भूचाल

शेयर करना
Exit mobile version