उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर से एक बड़ी और ऐतिहासिक मांग को लेकर आंदोलन की शुरुआत हो गई है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी और काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह को उनका बनता उचित सम्मान दिलाने की मांग को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। यह धरना महुआ डाबर संग्रहालय परिवार के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी मुख्य और एकमात्र मांग यह है कि प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय का नाम बदलकर तत्काल प्रभाव से ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चिकित्सालय’ किया जाए।

महुआ डाबर संग्रहालय के संस्थापक शाह आलम राना ने इस मौके पर कहा कि देश जब आजादी का अमृत काल और ऐतिहासिक काकोरी एक्शन की 100वीं वर्षगांठ मना रहा है, ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि इतिहास की उस भूल को सुधारा जाए। उन्होंने बताया कि जिस ऐतिहासिक मलाका जेल में 19 दिसंबर 1927 की सुबह अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह को हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर लटकाया गया था, बिल्कुल उसी स्थान पर वर्तमान में स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय स्थित है। ऐसे में इस चिकित्सा संस्थान का नामकरण उस महान बलिदानी के नाम पर किया जाना उनके सर्वोच्च त्याग के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

धरना स्थल पर मौजूद वक्ताओं ने ठाकुर रोशन सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत थे। फांसी से पहले तत्कालीन मलाका जेल से लिखे गए उनके पत्र, दुर्लभ चित्र और मुकदमे से जुड़े तमाम अभिलेख आज भी महुआ डाबर संग्रहालय में पूरी तरह सुरक्षित हैं, जो उनके राष्ट्रप्रेम और अमर बलिदान की गवाही देते हैं। वक्ताओं ने याद किया कि जब 1927 में उन्हें फांसी दी गई थी, तब हजारों लोगों का जनसैलाब उनका पार्थिव शरीर पाने के लिए जेल के बाहर उमड़ पड़ा था।

संग्रहालय परिवार और धरने में शामिल युवाओं ने साफ कर दिया है कि वे पिछले कई वर्षों से इस मांग को विभिन्न मंचों के माध्यम से उठाते आ रहे हैं। काकोरी कांड के सौ साल पूरे होने के बाद भी यदि इस महानायक के बलिदान स्थल पर उनका नाम नहीं जोड़ा जाता है, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। आयोजकों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन और सरकार उनकी यह मांग पूरी नहीं करती, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी रहेगा। इस धरने में डॉ. शाह आलम राना, डॉ. अवनीश सिंह, प्रियांशु रंजन, निशांत मोदनवाल, हिमांशु सिंह और सम्राट राय सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

"चुनाव को लेकर हमारी पूरी तैयारी...", उत्तराखंड BJP अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का ऐलान

शेयर करना
Exit mobile version