अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा बयान सामने आया है। विदेशी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि ईरान के साथ मौजूदा मसलों को लेकर “काफ़ी तरक्की” हुई है और ईरानी अधिकारियों ने खुद अमेरिका से संपर्क कर बातचीत करने की इच्छा जताई है। ट्रंप ने कहा कि इस मामले में स्थिति अगले 48 घंटों के भीतर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

लॉस एंजिल्स से लास वेगास अपनी दो दिवसीय वेस्ट कोस्ट यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, “हम बहुत अच्छे से आगे बढ़ रहे हैं। हमें पता चल जाएगा। मुझे लगता है कि हमें 48 घंटों में पता चल जाएगा।” उन्होंने आगे खुलासा किया कि ईरानी पक्ष ने उन्हें फोन कर बातचीत शुरू करने का अनुरोध किया है। ट्रंप के मुताबिक, तेहरान के लिए किसी समझौते पर पहुंचना एक समझदारी भरा कदम होगा और वे डील करने के लिए “बहुत स्मार्ट” साबित होंगे। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी भी संभावित समझौते या संपर्क के बारे में ज्यादा विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से कूटनीतिक बातचीत की संभावनाओं को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इससे पहले मंगलवार को ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि ईरान और ओमान के साथ चल रही बातचीत के तहत होर्मुज स्ट्रेट को “बहुत जल्द” खोल दिया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि यदि इस्लामिक गणराज्य तनाव कम करने और अंतरिम समझौते पर पहुंचने में विफल रहता है, तो उसे गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। ट्रंप ने अपने इस रुख को भी दोहराया कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका, ईरान और ओमान महत्वपूर्ण जलमार्ग होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के मकसद से एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं। पिछले महीने वाशिंगटन और तेहरान के बीच 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) विफल होने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था, जिसके बाद अब कूटनीतिक स्तर पर सुगबुगाहट तेज हो गई है। बहरहाल, दुनिया भर की निगाहें अब अगले 48 घंटों में आने वाले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।

ब्राम्हण समाज आपको वोट क्यों करे,सपा नेता संतोष पांडेय का जवाब सुनिए ! | THE DEBATE |

शेयर करना
Exit mobile version