प्रयागराज: हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने समाजवादी पार्टी के युवा नेता, जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद घायल पवन यादव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हंडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे का किया दावा
प्रयागराज के हंडिया में हुई सपा नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी बाइक से मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, निहाल बाइक चला रहा था, बृजेश बीच में और लल्ला सबसे पीछे बैठा था। लल्ला यादव ने भी पवन यादव पर फायर किया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और दोनों तमंचे बरामद कर लिए हैं।
20 हजार रुपये में खरीदे थे तमंचे और कारतूस
शुरुआती पूछताछ में आरोपी लल्ला यादव ने पवन यादव से व्यक्तिगत दुश्मनी की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 20 हजार रुपये में दो तमंचे और कारतूस खरीदे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामदगी की कार्रवाई की है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मंगलवार शाम हंडिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार बेखौफ हमलावरों ने पवन यादव को गोली मार दी। घटना के बाद लोगों ने घायल सपा नेता को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पवन यादव प्रयागराज के मुंगराव गांव के निवासी थे।
हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मोर्चरी पर सपा नेताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
एक बाइक पर सवार होकर आए थे तीन हमलावर
डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार, एक बाइक पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के हाथ मौके के सीसीटीवी फुटेज भी लगे थे।
वहीं, मृतक के भाई ब्रजेश यादव ने बताया कि पवन किसी के बुलाने पर घर से घर से निकले थे। हालांकि, उन्होंने किसी पारिवारिक या पुरानी रंजिश की आशंका से इनकार किया था।



