नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में चार महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गए। इनमें Tribunals Reforms Bill 2026, Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Bill 2026, Kerala (Alteration of Name) Bill 2026 और National Co-operative Development Corporation (Amendment) Bill 2026 शामिल हैं।
विधेयकों को पेश किए जाने के बाद विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले को लेकर सरकार से जवाब की मांग कर रहे थे।
मानसून सत्र में लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हो रही है। इससे पहले समाजवादी पार्टी (SP) सांसद अखिलेश यादव ने संसद में जारी गतिरोध को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा गबन मामले पर जवाब मांगा।
अखिलेश यादव ने FCRA Amendment Bill को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए FCRA का इस्तेमाल करना चाहती है।
वहीं CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने भी जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की चिंताओं पर चर्चा किए बिना विधेयक जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश कर रही है।



