उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां हाथरस से ताल्लुक रखने वाले एक युवक अनुज के पिछले तीन महीनों से रहस्यमय तरीके से लापता होने के बाद परिजनों ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार पिछले तीन महीने से अपने बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहा है और न्याय की गुहार लगा रहा है। परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा प्रेमानंद महाराज से मिलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
“मेरे बेटे ने तीन महीने पहले प्रेमानंद महाराज से ‘दीक्षा’ ली थी। पांच दिन बाद, वह घर से यह कहकर निकला कि वह महाराज-जी के दर्शन करने जा रहा है, लेकिन वह कभी वापस नहीं आया। हम तीन महीने से उसे ढूंढ रहे हैं, फिर भी किसी ने कोई जानकारी नहीं दी और न ही हमसे ठीक से बात की… मैं तीन… pic.twitter.com/oFw8OyBI2l
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) October 3, 2026
लापता युवक के पिता राजबीर ने दर्द बयां करते हुए बताया कि उनके बेटे अनुज ने करीब तीन महीने पहले प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। दीक्षा लेने के पांच दिन बाद ही वह घर से यह कहकर निकला था कि वह महाराज जी से मिलने जा रहा है, लेकिन वह आज तक वापस नहीं लौटा। पिता का आरोप है कि जब वे आश्रम पहुंचे, तो वहां के शिष्यों ने उनसे बात करने से साफ इनकार कर दिया और किसी भी तरह की जानकारी देने से पल्ला झाड़ लिया। पिछले तीन महीनों से बेबस पिता आश्रम के गेट के बाहर ही सोकर अपने बेटे का इंतजार कर रहे हैं।
इस घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है और परिजनों की मांग है कि पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके बेटे को जल्द से जल्द खोजे। परिवार की इस पीड़ा को देखकर स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से हस्तक्षेप करने की अपील की है ताकि लापता युवक का सुराग लगाया जा सके।



