लखनऊ: समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता आज़म खान ने अपने संबोधन के दौरान कई अहम बयान दिए। उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार ने उन्हें बहुत परेशान किया। आज़म खान ने कहा, “हम मरेंगे तो लेकिन कुछ करके मरेंगे।” उन्होंने अपने राजनीतिक सफर, जेल में बिताए समय और अखिलेश यादव के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी बात रखी।

आज़म खान ने कहा कि उन्हें शायरों से बड़ा लगाव रहा है और आज उनके सामने आधा जिंदा इंसान बैठा है। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी का एक रास्ता और एक ही मंजिल रही है। नेता जी के साथ 50 साल बिताए और अब अखिलेश यादव के साथ हैं। उन्होंने खुद को सख्त जान बताते हुए कहा कि वह नफरत और घृणा के दौर से गुजरे हैं।

अखिलेश यादव को लेकर आज़म खान ने कहा कि वह बहुत आगे होंगे और हिंदुस्तान के विकास का खाका पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र कोई आसमानी किताब नहीं है। जरूरत हुई तो उसमें वह भी होगा, जो अभी नहीं कहा गया है। घोषणापत्र में जो लिखा है, वह होकर रहेगा।

राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए आजम खान ने कहा कि कुछ लोगों का मकसद दूसरों का खेल बिगाड़ना और उन्हें हराना है। वे दूसरे की सरकार बनने से रोकते हैं। उन्होंने कहा, “वो ना बन सकते हैं, ना बना सकते हैं।” साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने असल कद में आ जाएं।

अपने जेल के अनुभव साझा करते हुए आजम खान ने बताया कि रात के 3:30 बजे जेलर ने उन्हें उठाया। उन्होंने अपने निर्दोष बेटे को भी जेल में रखे जाने का जिक्र किया। आजम खान ने कहा कि ऐसा जुल्म न मुगलों ने किया और न अंग्रेजों ने। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें तिल-तिल कर मारा गया है।

अपने समर्थकों और राजनीतिक भूमिका पर बात करते हुए आजम खान ने कहा, “हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं।” उन्होंने कहा, “हम गंदा नाला नहीं, बहता समंदर हैं।”

"...हमें मर जाना चाहिए था..." जेल से निकालने के बाद पहली बार Akhilesh के सामने भावुक हुए Azam Khan!

शेयर करना
Exit mobile version