पंजाब के गन्ना उत्पादक किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पेराई सीजन 2026-27 के लिए गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) 15 रुपये बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की है। इससे पहले राज्य में गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल था। चंडीगढ़ में एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला पूरे देश में गन्ने की सबसे अधिक कीमत है और यह किसान समुदाय के कल्याण व आर्थिक समृद्धि के प्रति राज्य सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा कि पंजाब के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर की शुगर मिलें 25 नवंबर, 2026 से अपना कामकाज शुरू करेंगी, ताकि किसान समय पर और सुगम तरीके से अपनी फसल मिलों तक पहुंचा सकें।

बैठक को संबोधित करते हुए सीएम मान ने कहा कि इस बढ़ोतरी से राज्य भर के हजारों गन्ना उत्पादक किसानों को बड़ा वित्तीय लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसान देश का पेट भरने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, और सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें उनकी कड़ी मेहनत का पूरा मूल्य मिले। मुख्यमंत्री ने किसानों को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि पंजाब की समग्र प्रगति के लिए अन्नदाताओं का समृद्ध होना बेहद आवश्यक है, इसलिए कृषि उपज का लाभकारी भाव देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अखिलेश की लहर से घबराए ओपी राजभर? जहूराबाद छोड़ अकबरपुर जाने का क्या है राज?

शेयर करना
Exit mobile version