टेक न्यूज़ : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के मालिक एलन मस्क और मेटा के सीईओ मार्क ज़करबर्ग के बीच पुरानी तल्खी एक बार फिर सतह पर आ गई है। हाल ही में एक यूजर ‘गीगर कैपिटल’ द्वारा इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट करने और इस प्लेटफॉर्म को “महिलाओं के लिए बना” ऐप बताने वाली पोस्ट पर एलन मस्क ने प्रतिक्रिया दी। मस्क ने इस पोस्ट के जवाब में लिखा, “इंस्टाग्राम लड़कियों के लिए है।” उनके इस बयान के सामने आते ही ऑनलाइन यूजर्स के बीच तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई और कई लोगों ने इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।

एक नेटिजन ने सवाल उठाते हुए लिखा कि क्या अब सोशल मीडिया भी जेंडर के आधार पर तय होगा? वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि भले ही इंस्टाग्राम पर महिलाओं की सक्रियता और सांस्कृतिक ट्रेंड्स तय करने में भूमिका ज्यादा हो, लेकिन मस्क का इस तरह से किसी प्लेटफॉर्म को आंकना सही नहीं है। आपको बता दें कि एलन मस्क ने अक्टूबर 2022 में 44 बिलियन अमेरिकी डॉलर की डील के तहत ट्विटर का अधिग्रहण किया था और जुलाई 2023 में इसका नाम बदलकर X कर दिया था। इसके बाद से ही दोनों टेक दिग्गजों के बीच प्रतिस्पर्धा और वैचारिक मतभेद अक्सर चर्चा में रहते हैं।

यह पहला मौका नहीं है जब मस्क ने इंस्टाग्राम को लेकर ऐसी विवादास्पद टिप्पणी की हो। इससे पहले मई महीने में भी उन्होंने कुछ इसी तरह की बातें कही थीं, जिस पर काफी बवाल मचा था। आलोचकों का कहना है कि 2023 से लगातार मस्क मेटा के मालिकाना हक वाले प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ सेक्सिस्ट और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते आ रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर कई बार तीखे विरोध का सामना करना पड़ता है।

03 अक्टूबर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh | Politics

शेयर करना
Exit mobile version