आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी से बढ़ती क्षमताओं के बीच मेटा के चीफ AI ऑफिसर एलेक्जेंडर वांग ने एक बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जैसे-जैसे दुनिया सुपरइंटेलिजेंस के करीब पहुंच रही है, वैसे-वैसे इंसानों को AI पर नियंत्रण बनाए रखने के तरीकों पर दोबारा विचार करना होगा। उनका मानना है कि भविष्य में AI सिस्टम कई क्षेत्रों में इंसानी क्षमताओं से भी आगे निकल सकते हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि क्या इंसान इन बेहद शक्तिशाली सिस्टम पर अपना नियंत्रण बनाए रख पाएंगे?
दरअसल, एलेक्जेंडर वांग ने ‘Superintelligence is Coming’ शीर्षक से एक पोस्ट साझा की है। इसमें उन्होंने AI इंडस्ट्री से एडवांस्ड सिस्टम विकसित करने के मौजूदा तरीकों पर फिर से विचार करने की अपील की। वांग के मुताबिक, अगले एक साल में लिए जाने वाले फैसले समाज के भविष्य पर दूरगामी प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए AI कंपनियों को केवल तकनीकी विकास पर ध्यान देने के बजाय सेफ्टी, अलाइनमेंट और सिक्योरिटी को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “अब हमारे लिए यह सोचना बहुत जरूरी है कि हम कैसा भविष्य चाहते हैं और हम वहां कैसे पहुंचेंगे।”
AI की बढ़ती क्षमता को बताया टर्निंग पॉइंट
वांग ने AI सिस्टम की मदद से रीमैन हाइपोथीसिस के कथित सबूत की ओर भी इशारा किया। यह गणित की एक पुरानी और चर्चित समस्या है। उन्होंने इस घटनाक्रम को AI की बढ़ती क्षमताओं के लिहाज से एक अहम मोड़ बताया। उनके अनुसार, AI के इंसानी क्षमता से आगे निकलने की राह में अब सबसे बड़ी चुनौतियां केवल उसकी बौद्धिक क्षमता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विशेष जानकारी, प्रयोग और व्यावहारिक क्रियान्वयन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने पिछले दो वर्षों में कोडिंग, साइबर क्षमताओं और AI एजेंट्स के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इन बदलावों से पता चलता है कि AI मॉडल अलग-अलग कामकाजी क्षेत्रों में लगातार अधिक उपयोगी और सक्षम होते जा रहे हैं।
बिना इंसानी निगरानी के AI का खुद को बेहतर बनाना बड़ी चिंता
एलेक्जेंडर वांग ने AI के रिकर्सिव सेल्फ-इम्प्रूवमेंट को लेकर भी चिंता जताई। इसका मतलब है कि AI सिस्टम खुद को लगातार बेहतर बनाने में सक्षम हो जाएं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर AI सिस्टम बिना किसी प्रभावी मानवीय रोक-टोक के खुद को बेहतर बनाने लगें, तो उन पर इंसानों का नियंत्रण कैसे बना रहेगा?
उन्होंने कहा, “ऐसी दुनिया की कल्पना करना मुश्किल है जहां इंसान पूरी तरह से बिना रोक-टोक के रिकर्सिव सेल्फ-इम्प्रूवमेंट पर कंट्रोल रख सके।”
AI को फैसले सौंपना जरूरी नहीं: वांग
वांग ने AI इंडस्ट्री को यह भी सलाह दी कि तकनीकी विकास का मतलब यह नहीं होना चाहिए कि इंसान अपने फैसले लेने की शक्ति AI सिस्टम को सौंप दें। उन्होंने ऐसी टेक्नोलॉजी विकसित करने पर जोर दिया, जो लोगों को अधिक नियंत्रण और नए अवसर प्रदान करे।
उन्होंने स्पष्ट कहा, “हमें समाज को AI को ‘हैंडओवर’ करने से ठीक नहीं होना चाहिए।” उनका मानना है कि AI के विकास का मौजूदा डिफॉल्ट रास्ता ही एकमात्र विकल्प नहीं होना चाहिए। इंडस्ट्री को ऐसे वैकल्पिक रास्तों पर भी काम करना होगा, जिनमें इंसानी नियंत्रण और सुरक्षा सबसे अहम हों।
कौन हैं एलेक्जेंडर वांग?
एलेक्जेंडर वांग जून 2025 में मेटा के पहले चीफ AI ऑफिसर के रूप में कंपनी से जुड़े थे। वह मेटा सुपरइंटेलिजेंस लैब्स का नेतृत्व करते हैं। इससे पहले उन्होंने AI डेटा कंपनी स्केल AI की स्थापना की थी। वांग के मुताबिक, भविष्य की असली चुनौती केवल अधिक शक्तिशाली और सक्षम AI सिस्टम तैयार करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि इस तकनीकी प्रगति का फायदा पूरी मानवता को मिले और इंसानों का अपने भविष्य पर नियंत्रण बना रहे।



