लोकप्रिय रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ का खिताब जीतने वाली श्रेया कालरा की जीत के बाद से सोशल मीडिया पर लगातार बहस छिड़ी हुई है। शो में शिवांगी जोशी को हराकर विनर बनने वाली श्रेया की जीत पर कई दर्शकों ने सवाल उठाए और मेकर्स के साथ-साथ होस्ट फराह खान पर ‘फेवरिटिज्म’ (पक्षपात) करने के गंभीर आरोप लगाए। अब इन तमाम विवादों और आलोचनाओं पर खुद फिल्ममेकर फराह खान ने चुप्पी तोड़ी है और अपनी सफाई पेश की है।

हाल ही में अपने लेटेस्ट यूट्यूब व्लॉग में फराह खान ने विजेता श्रेया कालरा से उनके मुंबई स्थित घर पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने शो से जुड़े कई अनकहे पहलुओं और विवादों पर खुलकर बात की। फराह ने ऑन-रिकॉर्ड स्पष्ट किया कि शो से पहले उनका और श्रेया का कोई लेना-देना नहीं था और वे कभी आपस में नहीं मिली थीं। फराह ने बताया कि उन्हें श्रेया के साथ किसी भी संभावित प्रोफेशनल कनेक्शन के बारे में तब पता चला जब सोशल मीडिया पर लोग उन्हें “बायस्ड होस्ट” कहने लगे थे।

फराह ने स्पष्ट किया कि उनकी और श्रेया की कंपनी को ‘क्यूयुकी’ नाम की एक ही टीम मैनेज करती है, जिसके पास लगभग 70 कंटेंट क्रिएटर्स हैं। यही वजह थी कि लोगों ने गलतफहमी पाल ली। फराह ने कहा, “जब लोगों ने कमेंट करना शुरू किया, तब मैंने एजेंसी को फोन करके पूछा था कि क्या श्रेया उनके अंडर है, और उन्होंने हां कहा था। लेकिन मुझे इसके बारे में पहले से कुछ नहीं पता था, तो मैं बायस्ड कैसे हो सकती हूं?”

इस बातचीत के दौरान श्रेया कालरा ने भी याद किया कि शो के शुरुआती हफ्तों में उन्हें लगा था कि फराह उन्हें ही ज्यादा टारगेट कर रही हैं और उन पर चिल्ला रही हैं। हालांकि, फराह ने इन बातों को हंसते हुए खारिज किया और स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी को नीचा दिखाना नहीं बल्कि शो के नियमों के तहत था। बातचीत के अंत में दोनों ने इन तमाम अफवाहों पर हंसकर विराम लगा दिया।

याद दिला दें कि फिनाले में पुराने कंटेस्टेंट्स और जेल वालों के वोटों के आधार पर श्रेया कालरा को ‘लॉक अप: सच या सजा’ का विजेता घोषित किया गया था, जिन्हें फराह खान और सह-होस्ट रितेश देशमुख ने 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी और ट्रॉफी सौंपी थी।

Virendra Singh से सुनिए- न गोला न बारूद...GEN-Z सबसे मजबूत, पेपर लीक की आंधी में उड़ जाएंगे नेता

शेयर करना
Exit mobile version