मनोरंजन डेस्क : अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता देखने को मिल रही है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। रिलीज से पहले शुरू हुई एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने फिल्म की मजबूत ओपनिंग के संकेत दिए हैं।

फिल्म की एडवांस बुकिंग 27 सितंबर से शुरू हुई थी। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन के लिए अब तक 1.50 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं और प्री-सेल्स से करीब 7.16 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज हो चुका है। रिलीज में अभी तीन दिन का समय बाकी होने के कारण एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

ट्रेड एनालिस्ट्स के अनुमानों की बात करें तो फिल्म पहले दिन 40 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर सकती है। अगर एडवांस बुकिंग की रफ्तार आगे भी बनी रहती है और सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी मौजूदगी रहती है, तो शुरुआती कमाई अनुमान से ऊपर भी जा सकती है। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म ‘दृश्यम 2’ ने भारत में 15.38 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी और इसका लाइफटाइम नेट कलेक्शन 239.67 करोड़ रुपये रहा था। ऐसे में तीसरे पार्ट से फ्रेंचाइजी के पिछले बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को पीछे छोड़ने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

गौरतलब है कि ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ मलयालम फिल्म के हिंदी रीमेक थे, जिसमें मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आए थे। वहीं, हिंदी फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म के लिए मेकर्स ने एक नई कहानी पेश करने का फैसला किया है। अब देखना होगा कि 2 अक्टूबर को रिलीज के बाद ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर कैसी शुरुआत करती है।

CEC Gyanesh Kumar पर भड़के Kapil Sibal, Najeeb Jung और S.Y. Quraishi, दे दिया ये बयान

शेयर करना
Exit mobile version