मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ करीब 16 लाख फॉलोअर्स वाली लोकप्रिय सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और मॉडल निधि तिवारी (30) ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मूलरूप से बनारस की रहने वाली निधि अपनी मां और छोटी बहन के साथ सिंगरौली में रहती थीं। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके डांस रील्स को लोग काफी पसंद करते थे और उन्होंने साल 2024 में ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब भी अपने नाम किया था। उनका सपना फिल्मों और म्यूजिक एलबम में काम करने का था।
फोन पर बातचीत के बाद उठाया कदम
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात निधि की पंजाब में कार्यरत एक प्राइवेट कंपनी के इंजीनियर सोनू सिंह से फोन पर लंबी बात हो रही थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस भी हुई। आरोप है कि इसी से नाराज होकर निधि ने यह खौफनाक कदम उठाया। सोनू ने ही निधि की मां हेमलता तिवारी को फोन करके ऊपर वाले कमरे में जाने को कहा था, क्योंकि उसे अनहोनी की आशंका थी। जब परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था और तोड़ने पर निधि का शव सीलिंग फैन से लटका मिला।
निधि की बड़ी बहन ने भी किया था सुसाइड
परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा वज्रपात है, क्योंकि इससे करीब 5 साल पहले निधि की बड़ी बहन ने भी कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से सोशल मीडिया जगत और मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



