उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी ने अपना विकराल और रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से निचले इलाकों के बाद अब शहर के कई पॉश इलाके भी पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी फिनिक्स प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के आसपास के इलाकों तक पहुंच गया है, जिससे प्लासियो के गेट के पास की मुख्य सड़क पूरी तरह नदी में तब्दील हो गई है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि खुद आपदा प्रबंधन मुख्यालय भी बाढ़ की चपेट में आ गया है।
बता दें, गोमती नदी का बढ़ता जलस्तर अब सुल्तानपुर रोड हाईवे के बेहद करीब पहुंच गया है, जिससे हाईवे पर भी पानी भरने का खतरा लगातार मंडरा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने फील्ड में उतरकर मोर्चा संभाल लिया है, हालांकि संकट के इस समय में लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल के नदारद रहने को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। हनुमंत धाम सहित शहर के कई अन्य इलाकों में भी भारी जलभराव से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
दूसरी ओर, बक्शी का तालाब के कठवारा स्थित मां चंद्रिका देवी मंदिर को भी एहतियात के तौर पर अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मंदिर समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह फैसला लिया है क्योंकि मंदिर परिसर के आसपास जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मुख्य गेट पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है जो श्रद्धालुओं को आगे जाने से रोक रहा है। जलस्तर सामान्य होने के बाद ही मंदिर के कपाट दर्शन के लिए दोबारा खोले जाएंगे।



