राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी सांसदों के मार्च के दौरान हुए भारी बवाल और पुलिसिया कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ कथित बदसलूकी और INDIA ब्लॉक के सांसदों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने कल देश भर में ‘ब्लैक डे’ (काला दिवस) मनाने का ऐलान किया है। इसके लिए पार्टी आलाकमान ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों (PCC), जिला कांग्रेस कमेटियों (DCC) और ब्लॉक कमेटियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
बता दें, कांग्रेस का आरोप है कि दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकाल रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सहित विपक्षी सांसदों के साथ पुलिस ने बेहद अभद्र व्यवहार और बदसलूकी की। इसके अलावा, प्रदर्शन कर रहे INDIA गठबंधन के सांसदों और कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के अनुसार, कल राज्य, जिला और ब्लॉक-स्तरीय इकाइयों में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर उतरकर राज्यव्यापी प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए विपक्षी नेताओं पर हुए इस दमनकारी एक्शन का पुरजोर विरोध किया जाएगा।



