उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से जुड़े चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड मामले में आज अदालत अपना ऐतिहासिक फैसला सुनाने वाली है। फैसले से ठीक पहले मृतक अमित का पूरा परिवार कोर्ट परिसर जा पहुंचा, जहाँ मृतक की मां का दर्द छलक उठा। मां ने रोते हुए न्याय की गुहार लगाई और मांग की कि जैसे उनके बेटे को तड़पाकर मारा गया है, वैसे ही उसकी हत्यारी पत्नी और उसके प्रेमी को भी फांसी की सजा मिलनी चाहिए ताकि उन्हें उनकी करनी की पूरी सजा मिल सके।

यह सनसनीखेज मामला मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अकबरपुर सादात गांव का है। यहाँ क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अमित कश्यप की निर्मम हत्या कर दी थी। किसी को शक न हो, इसके लिए शातिर पत्नी ने हत्या को दुर्घटना या प्राकृतिक मौत का रूप देने की कोशिश की थी। आरोपियों ने अमित की मौत के बाद उसकी लाश के पास एक सांप छोड़ दिया था और परिजनों तथा पुलिस को यह झूठी कहानी सुनाई थी कि उसकी मौत सर्पदंश (सांप काटने) से हुई है।

लेकिन पुलिस की गहन छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का राजफाश हो गया, जिसके बाद पत्नी और उसके प्रेमी की करतूत पूरी दुनिया के सामने आ गई। इस खौफनाक वारदात के खुलासे के बाद से ही इलाके में भारी रोष व्याप्त था। अब थोड़ी ही देर में कोर्ट इस हत्याकांड पर अपना फैसला सुनाने वाली है, जिस पर पूरे मेरठ समेत सबकी निगाहें टिकी हुई हैं कि अदालत इस जघन्य अपराध में क्या सजा मुकर्रर करती है।

07 अक्टूबर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh | Politics

शेयर करना
Exit mobile version