बिहार के बेगूसराय में सनसनीखेज गोलीबारी का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में तीन लोगों को गोली लगी है। इनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास की है। घायलों की पहचान गाछी टोला निवासी मनोज पासवान, अर्जुन शाह और एक ऑटो चालक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।

फल की दुकान खोलने के दौरान हुई फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, अर्जुन शाह सुबह बस स्टैंड के पास अपनी फल की दुकान खोल रहे थे। इसी दौरान मनोज पासवान भी वहां मौजूद थे। तभी बाइक सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान वहां मौजूद तीन लोगों को गोली लग गई।

तीनों घायलों को निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

गोली लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का इलाज चल रहा है। इनमें एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटनास्थल से मिले कई खोखे

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और सदर डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। मौके से कई कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बस स्टैंड और आसपास के इलाके में दहशत

सुबह-सुबह हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी के बाद बस स्टैंड और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। घटना ने बेगूसराय में अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

07 अक्टूबर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh | Politics

शेयर करना
Exit mobile version