नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का टीज़र/ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। फिल्म के भव्य विज़ुअल इफेक्ट्स, स्टार कास्ट और मेकिंग की हर तरफ तारीफ हो रही है। इसी बीच, बीआर चोपड़ा की प्रसिद्ध पौराणिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए अभिनेता नितीश भारद्वाज ने भी इस फिल्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।

सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा करते हुए नितीश भारद्वाज ने फिल्म के स्केल, वीएफएक्स और संगीत की जमकर तारीफ की। उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा की सराहना करते हुए कहा कि सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद नितेश तिवारी वर्ल्ड सिनेमा के लिए भारत का अगला बड़ा तोहफा हैं। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए लिखा कि यह फिल्म बेस्ट फॉरेन फिल्म के लिए 100% ऑस्कर जीतकर लाएगी। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्कर विनर संगीतकार हंस जिमर के जुड़ने पर भी खुशी जताई।

रणबीर कपूर और यश के लिए खास संदेश

फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर और रावण के किरदार में नजर आने वाले यश की तारीफ करते हुए नितीश भारद्वाज ने उन्हें अगली पीढ़ी का ‘अजेय धुरंधर’ बताया। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने रणबीर कपूर को एक खास सलाह भी दी।

रणबीर की पिछली फिल्म ‘एनिमल’ का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा, “अब ‘एनिमल’ जैसी फिल्में न करें, भले ही आपको इसके लिए सोने की खदान ही क्यों न ऑफर की जाए। कृपया अपनी वाणी को और दूषित न करें। भारत में आपकी अभिनय क्षमता को संतुष्ट करने के लिए बहुत सी शानदार कहानियां हैं।” उनका यह बयान अब फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गया है। बता दें कि ‘रामायण’ में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे।

Virendra Singh से सुनिए,दलित वोट और ताला चाभी वाली कहानी,यूपी का सबसे कठिन चुनाव

शेयर करना
Exit mobile version