‘कच्चा बादाम’ फेम अंजलि अरोड़ा की आगामी पौराणिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज से ठीक एक हफ्ते पहले जारी कर दिया गया है। अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका में नजर आ रही हैं, जबकि देव शर्मा ने भगवान राम और रजनीश दुग्गल ने लंकापति रावण का किरदार निभाया है। ट्रेलर की शुरुआत सीता के अपहरण से होती है, जिसके बाद श्री राम का प्रण, सीता की प्रतीक्षा और हनुमान द्वारा लंका दहन जैसे मुख्य प्रसंगों को दिखाया गया है।
हालांकि, ट्रेलर के सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नेटिज़न्स ने फिल्म की कड़ी आलोचना शुरू कर दी है। लोग फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और स्टार कास्टिंग को लेकर इसे जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कई यूजर्स ने VFX को खराब क्वालिटी वाला ‘AI जनरेटेड’ बताया है। ऑनलाइन रिएक्शन में यूजर्स ने लिखा कि “इसे देखकर प्रभास की ‘आदिपुरुष’ के लिए सम्मान बढ़ गया” तो कुछ ने इसे रणबीर कपूर की आगामी ‘रामायण’ के सामने बेहद कमजोर बताया।
फिल्म में शील वर्मा लक्ष्मण और निर्भय वाधवा हनुमान की भूमिका में हैं। यह फिल्म आगामी 25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का सीधा मुकाबला दीपक मिश्रा के निर्देशन में बनी सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘द वन’ से होगा।



