डेस्क : फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) इन दिनों अपनी सफलता को लेकर चर्चा में बनी हुई है। नीम करोली बाबा की बायोपिक के तौर पर पेश की गई इस फिल्म ने दर्शकों के बीच खास छाप छोड़ी है। रिलीज के 40 दिन बाद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में मजबूत प्रदर्शन करती नजर आ रही है।
‘हनुमान अंश’ के दो और पार्ट्स की तैयारी
बता दे कि फिल्म की सफलता के बीच मेकर्स ने ‘हनुमान अंश’ को ट्रायलॉजी के रूप में आगे बढ़ाने का प्लान बनाया है। यानी आने वाले समय में इस फिल्म के दो और पार्ट दर्शकों को बड़े पर्दे पर देखने को मिल सकते हैं। आज के दौर में फिल्मों को एक या उससे ज्यादा पार्ट्स में बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी ट्रेंड को फॉलो करते हुए ‘हनुमान अंश’ के मेकर्स ने भी कहानी को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। फिल्म के अभिनेता चंदन के आनंद ने दैनिक जागरण को दिए इंटरव्यू में इस बारे में खुलकर बात की। उन्होंने फिल्म के आगे के पार्ट्स को लेकर जानकारी साझा की है।
नीम करोली बाबा की कहानी अभी बाकी
चंदन के आनंद के बयान के बाद यह संकेत मिला है कि नीम करोली बाबा से जुड़ी कहानी को अभी आगे भी पर्दे पर दिखाया जाएगा। फिल्म में चंदन के आनंद ने क्रांतिकारी डॉ. राम नंदन भोसले का किरदार निभाया है। ऐसे में ‘हनुमान अंश 2’ और ‘हनुमान अंश 3’ में भी दर्शकों को नीम करोली बाबा से जुड़े चमत्कारों और अन्य रोचक तथ्यों के बारे में अहम जानकारी देखने को मिल सकती है।
2 करोड़ के बजट में 300 करोड़ का कारोबार
‘हनुमान अंश’ की कमाई के आंकड़े भी इसे चर्चा में बनाए हुए हैं। दी गई जानकारी के मुताबिक फिल्म का बजट महज 2 करोड़ रुपये है और फिल्म ने वर्ल्डवाइड अब तक करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई करीब 230 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस तरह फिल्म ने कम बजट में शानदार कमाई करते हुए कमर्शियल सफलता का एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब दर्शकों की नजरें ‘हनुमान अंश 2’ और ‘हनुमान अंश 3’ पर टिकी हैं।



