यमन: यमन में हूतियों और सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच लड़ाई तेज होती जा रही है। हूतियों ने दावा किया है कि उनकी सेना ने यमन के मारिब गवर्नरेट के आसमान में सऊदी अरब के F-15 फाइटर जेट को मार गिराया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक, यह लड़ाकू विमान हूतियों के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान के दौरान हवाई हमले के लिए पहुंचा था।

स्थानीय मिसाइल से F-15 गिराने का दावा

याह्या सरी के अनुसार, सऊदी F-15 यमन के मारिब इलाके में हूतियों के खिलाफ हवाई कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान हूती बलों ने विमान को निशाना बनाया। उनका दावा है कि विमान को स्थानीय स्तर पर बनाई गई सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से गिराया गया।

यह F-15 लड़ाकू विमान सऊदी अरब ने अमेरिका से खरीदा था।

माउंट हेलान के पास गिरने का दावा

अल जजीरा ने हूती सूत्रों के हवाले से बताया कि लड़ाकू विमान मारिब के उत्तर-पश्चिम में माउंट हेलान के पास गिराया गया। हालांकि, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से हूतियों के इस दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। ऐसे में फिलहाल सऊदी F-15 को मार गिराए जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मलबे की तलाश में पहुंचे दो F-15 को भी निशाना बनाने का दावा

हूतियों ने यह भी दावा किया कि विमान गिराए जाने के बाद उसके मलबे की तलाश में पहुंचे दो अन्य सऊदी F-15 लड़ाकू विमानों को भी उनके लड़ाकों ने निशाना बनाया। हूती प्रवक्ता ने कहा कि इन दोनों विमानों के साथ भी उनकी सेना की भिड़ंत हुई।

सऊदी गठबंधन पर 450 से ज्यादा हवाई हमलों का दावा

हूती सैन्य प्रवक्ता ने पिछले एक सप्ताह के दौरान सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से किए गए हवाई हमलों का भी दावा किया। याह्या सरी के मुताबिक, इस दौरान सऊदी लड़ाकू विमानों ने यमन के अलग-अलग इलाकों में 450 से ज्यादा हवाई हमले किए।

इन हमलों में ताइज, लहज, अल-जौफ, हज्जाह, मारिब, सादा और अल-बायदा को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। हूती प्रवक्ता ने इन हवाई हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने की घटनाओं का भी दावा किया।

हवाई क्षेत्र की रक्षा जारी रखने की बात

हूतियों ने कहा है कि वह यमन के हवाई क्षेत्र और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखेंगे। याह्या सरी ने कहा कि उनकी सेना किसी भी हमले या हवाई क्षेत्र के उल्लंघन का उपलब्ध सभी तरीकों से मुकाबला करेगी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब यमन में हूतियों और सऊदी समर्थित बलों के बीच जमीनी और हवाई लड़ाई बढ़ रही है। हूतियों के बढ़ते हमलों के बीच सऊदी अरब भी अपना सैन्य अभियान तेज कर रहा है। ऐसे में F-15 लड़ाकू विमान गिराए जाने का दावा दोनों पक्षों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव को दर्शाता है।

अब फ्री Transaction पर पड़ेगी चार्ज की मार जानिये कितना पड़ेगा जेब पर असर..

शेयर करना
Exit mobile version