उत्तर प्रदेश की राजनीति में हाल ही में अपनी नई पारी की शुरुआत करने वाली पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने एक बड़ा और साहसिक ऐलान किया है। मिर्जापुर जिले के चुनार में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिव्या मित्तल ने घोषणा की है कि उनकी नवगठित राजनीतिक पार्टी ‘जन नीति भारत’ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
बता दें, जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य राजनीति में केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि ‘जनता का राज’ कायम करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में जनता से जुड़े मुद्दे अनसुने रह जाते हैं, लेकिन ‘जन नीति भारत’ हर नागरिक को फैसले लेने की प्रक्रिया से जोड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी बिना किसी भेदभाव के किसान, युवा, व्यापारी और महिलाओं की आवाज बनेगी और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम करेगी।
गौरतलब है कि 2013 बैच की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद राजनीति में कदम रखा है। मिर्जापुर, देवरिया और संत कबीर नगर जैसे जिलों में जिलाधिकारी (DM) के रूप में तैनात रहीं दिव्या मित्तल की जनता के बीच एक लोकप्रिय अधिकारी की छवि रही है। अब उनके द्वारा सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई है।



